
स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत थीम पर बच्चों ने रंगी पेंटिग
- ढोल-नगाड़ों, संगीत के साथ निकालीस्वच्छता रैली, नुक्कड़ नाटक से मोहा मन
- सरस मेले में भव्य स्वच्छता पेंटिंग प्रतियोगिता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम हुए
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
रुद्रपुर। सरस मेले में जहां संस्कृति की धूम मची है। वहीं स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता कार्यक्रम भी हो रहे हैं। स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत थीम पर बच्चों ने पेंटिग बनाकर जागरूकता फैलाई। इससे पूर्व स्कूली बच्चों ने रैली निकाली और नगर निगम की तरफ से नुक्कड़ नाटक की मोहक प्रस्तुति दी।
नगर निगम की तरफ से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए भव्य स्वच्छता पेंटिंग प्रतियोगिता एवं विविध जागरूकता कार्यक्रमों का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने ढोल-नगाड़ों एवं संगीत के साथ स्वच्छता रैली निकालकर मेले में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता का संदेश दिया। साथ ही नगर निगम की तरफ से स्वच्छता आधारित नुक्कड़ नाटक के जरिये ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, कचरा पृथक्करण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को सरल एवं प्रभावी ढंग से समझाया गया।
दिल्ली से आई प्रशिक्षक श्रीमती सिया ने मेले में लगे खाद्य स्टॉल संचालकों, स्ट्रीट वेंडर्स एवं स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा विषयक प्रशिक्षण प्रदान किया। प्रशिक्षण के दौरान स्वच्छ भोजन परोसने, कचरा प्रबंधन, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों की जानकारी दी गई।

सहायक नगर आयुक्त एवं एसएनए राजू नबियाल ने स्वच्छ भारत मिशन एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के सकारात्मक प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए सभी जनों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं नागरिकों ने कचरा पृथक्करण अपनाने, सिंगल यूज़ प्लास्टिक का उपयोग न करने तथा “क्लीन और ग्रीन रुद्रपुर” के निर्माण में सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया। शाम को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए।मुख्य अतिथि कृषि मंत्री गणेश जोशी ने सरस मिलेगा उद्घाटन किया। मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी समेत तमाम लोग मौजूद रहे।

बच्चों की पेंटिंग ने दिया स्वच्छता का संदेश
“स्वच्छ आदत से स्वच्छ भारत” थीम पर आयोजित प्रतियोगिता में जनपद के विभिन्न विद्यालयों से लगभग 300 विद्यार्थियों ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के जरिए स्वच्छता का सशक्त संदेश दिया।

प्रतियोगिता तीन वर्गों में हुई। कक्षा छह से आठ जूनियर वर्ग, नौ से 12 सीनियर वर्ग एवं डिग्री कॉलेज के बच्चों के बीच प्रतियोगिता हुई। जूनियर वर्ग में एएन झा इंटर कॉलेज के कक्षा आठवीं के मनीष, सीनियर में गुरुकुल इंटर कॉलेज रुद्रपुर की 12वीं की छात्रा लक्ष्मी व डिग्री कॉलेज वर्ग में आरआईटी रुद्रपुर की कविता राजभर ने बाजी मारी। मुख्य शिक्षाधिकारी कुंवर सिंह रावत, जिला प्रोबेशन अधिकारी व्योमा जैन एवं एसएनए राजू नबियाल ने संयुक्त रूप से विजेता विद्यार्थियों को विशेष उपहार व प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया। साथ ही विजेता विद्यार्थियों की रचनात्मक अभिव्यक्ति एवं स्वच्छता के प्रति उनकी समझ की अतिथियों द्वारा भूरि-भूरि प्रशंसा की।
