
देहरादून: राजधानी के नेहरू कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक रूह कंपा देने वाला हादसा सामने आया है। मोहकमपुर IIP के पास पालतू कुत्ते को टहला रहे एक व्यक्ति की बोलेरो की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कुत्ते की चेन नहीं छोड़ना बना मौत का कारण
जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से उत्तरकाशी के कुथनौर गांव निवासी अनौद नौटियाल देहरादून के जोगीवाला में अपने परिवार के साथ रहते थे। बीती सुबह वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकले थे। इसी दौरान उनके कुत्ते ने दूसरे कुत्ते को देखा और सड़क की दूसरी तरफ भागने लगा। अनौद ने कुत्ते की चेन मजबूती से पकड़ी हुई थी और उसे बचाने या रोकने के चक्कर में उन्होंने चेन नहीं छोड़ी। कुत्ता तेजी से सड़क पार कर गया और उसके पीछे खिंचे चले आए अनौद सीधे सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो पिकअप की चपेट में आ गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, चालक ने किया सरेंडर
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल अनौद को अस्पताल पहुँचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी बोलेरो चालक ने नेहरू कॉलोनी थाने में जाकर खुद सरेंडर कर दिया है। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
इस हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को उजाड़ दिया है। अनौद अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके पीछे उनकी पत्नी, दो छोटी बेटियां, एक बेटा, माता-पिता, दो छोटे भाई, एक बहन और एक बुजुर्ग दादी हैं। पूरे परिवार की जिम्मेदारी अनौद के ही कंधों पर थी। उनकी मौत की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
शहर में बढ़ता रफ्तार का कहर
थाना प्रभारी राकेश गुसाई ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज से साफ है कि हादसा कुत्ते के अचानक भागने और युवक द्वारा चेन न छोड़ने के कारण हुआ। हालांकि, देहरादून की सड़कों पर वाहनों की तेज रफ्तार भी एक बड़ी समस्या बनी हुई है। आए दिन हो रहे इन हादसों ने सड़क सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।
