
न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर): सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और ‘विस्फोटक बल्लेबाजी’ अब एक-दूसरे के पर्यायवाची बन चुके हैं। आईपीएल 2026 के एक मुकाबले में शुक्रवार को अभिषेक शर्मा और ट्रैविस हेड की जोड़ी ने पंजाब किंग्स (PBKS) के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए पावरप्ले का एक और विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। हैदराबाद ने पहले 6 ओवरों में बिना कोई विकेट खोए 105 रन ठोक दिए, जो इस सीजन का सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर है।
पावरप्ले में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर
अभिषेक और हेड की इस आतिशी पारी की बदौलत हैदराबाद ने आईपीएल इतिहास का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे बड़ा पावरप्ले स्कोर बनाया। इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने साल 2017 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 105/0 का स्कोर बनाया था। दिलचस्प बात यह है कि आईपीएल इतिहास के टॉप-5 पावरप्ले स्कोर्स में अब अकेले हैदराबाद के तीन स्कोर शामिल हैं।
IPL इतिहास के सबसे बड़े पावरप्ले स्कोर:
- 125/0 – SRH बनाम DC, दिल्ली (2024)
- 107/0 – SRH बनाम LSG, हैदराबाद (2024)
- 105/0 – SRH बनाम PBKS, मुल्लांपुर (2026)
- 105/0 – KKR बनाम RCB, बेंगलुरु (2017)
- 100/2 – CSK बनाम PBKS, मुंबई (2014)
अभिषेक शर्मा का 300 के स्ट्राइक रेट से प्रहार
हैदराबाद की इस आतिशबाजी के मुख्य हीरो अभिषेक शर्मा रहे। उन्होंने महज 27 गेंदों में 74 रनों की तूफानी पारी खेली। अभिषेक ने अपनी पारी में 5 चौके और 7 छक्के जड़े और उनका स्ट्राइक रेट 300 के करीब रहा। दूसरे छोर पर ट्रैविस हेड ने भी बखूबी साथ निभाया और 23 गेंदों में 38 रन (5 चौके, 1 छक्का) बनाए।
SRH ने बनाया 219 रनों का विशाल लक्ष्य
मैच की बात करें तो पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था, जो अभिषेक और हेड की बल्लेबाजी के सामने गलत साबित हुआ। हैदराबाद ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 219 रन बनाए।
- अभिषेक शर्मा: 74 रन (28 गेंद, 5 चौके, 8 छक्के)
- हेनरिक क्लासेन: 39 रन (33 गेंद)
- कप्तान ईशान किशन: 27 रन (17 गेंद)
- ट्रैविस हेड: 38 रन (23 गेंद)
पंजाब किंग्स की ओर से शशांक सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 3 ओवर में महज 20 रन देकर 2 विकेट झटके। अब पंजाब के सामने जीत के लिए 220 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य है।
