
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार, 14 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भव्य कार्यक्रम प्रस्तावित है। पीएम मोदी इस दौरान बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे और गढ़ी कैंट स्थित जसवंत ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री के दौरे और शहर में प्रस्तावित मानव श्रृंखला कार्यक्रम को देखते हुए देहरादून पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर शहर के कई मुख्य मार्गों को बदला गया है। यदि आप मंगलवार को देहरादून में रहने वाले हैं या यहां से गुजरने का प्लान कर रहे हैं, तो नीचे दिए गए रूट प्लान को ध्यान से पढ़ लें:
1. रैली में आने वाली बसों के लिए रूट प्लान
जनसभा में शामिल होने वाली बसों के लिए क्षेत्रवार रूट तय किए गए हैं:
- कुमाऊं, हरिद्वार, ऋषिकेश, डोईवाला, आईएसबीटी से आने वाली बसें: रिस्पना पुल से आराघर चौक, दर्शन लाल चौक, घंटाघर, बिन्दाल पुल, दून स्कूल होते हुए आकाश गंगा तिराहा पहुंचेंगी।
- चकराता, विकासनगर, प्रेमनगर क्षेत्र: प्रेमनगर चौक से बल्लूपुर चौक, बिन्दाल पुल और दून स्कूल होते हुए आकाश गंगा तिराहा।
- मसूरी और राजपुर क्षेत्र: मसूरी डाइवर्जन से ग्रेट वैल्यू, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला और एनैक्सी तिराहा होकर सीएसडी तिराहा।
- थानों, रायपुर और सहस्त्रधारा रोड: सहस्त्रधारा क्रॉसिंग से सर्वे चौक, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला होकर एनैक्सी तिराहा से सीएसडी तिराहा।
- रुड़की और आशारोड़ी क्षेत्र: जोगीवाला से रिस्पना, आराघर, सर्वे चौक, दिलाराम चौक, हाथीबड़कला होते हुए सीएसडी तिराहा।
2. मानव श्रृंखला के दौरान ट्रैफिक डायवर्जन (विशेष रूट)
मानव श्रृंखला कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था इस प्रकार रहेगी:
- हरिद्वार-ऋषिकेश जाने वाले वाहन: सेंट ज्यूड चौक से शिमला बाईपास तिराहा होकर आईएसबीटी सर्विस लेन भेजे जाएंगे।
- आईएसबीटी जाने वाले वाहन: प्रिंस चौक और सहारनपुर चौक से आने वाले वाहनों को लाल पुल और करगी चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- जीएमएस रोड से आईएसबीटी: निरंजनपुर मंडी से लाल पुल होकर करगी चौक भेजा जाएगा।
- प्रेमनगर से डोईवाला/रिस्पना: इन वाहनों को बल्लूपुर फ्लाईओर के ऊपर से भेजा जाएगा।
- राजपुर रोड/घंटाघर से आईएसबीटी: ईसी रोड, आराघर, धर्मपुर और रिस्पना पुल होकर कारगी चौक से आईएसबीटी पहुंचेंगे।
3. आम जनता और बाहरी यात्रियों के लिए वैकल्पिक मार्ग
बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि वे जाम में न फंसें:
- देहरादून से दिल्ली/सहारनपुर/रुड़की: वाहन शिमला बाईपास तिराहा से नया गांव रोड, धर्मावाला चौक और बेहट होकर जा सकेंगे।
- देहरादून से हरिद्वार: रिस्पना पुल से जोगीवाला, लालतप्पड़ और रायवाला होते हुए रास्ता खुला रहेगा।
- बाहर से देहरादून/मसूरी आने वाले वाहन: दिल्ली/सहारनपुर से आने वाले वाहन छुटमलपुर से बेहट, धर्मावाला चौक और सिंधनिवाला तिराहा होकर प्रेमनगर के रास्ते शहर में प्रवेश कर सकते हैं।
- पर्वतीय क्षेत्रों के लिए: चकराता, विकासनगर और पांवटा साहिब की ओर से ऋषिकेश या पर्वतीय क्षेत्रों में जाने वाले वाहन अपने निर्धारित रूट का प्रयोग कर सकते हैं।
4. कैंट और शहर के अंदर की पाबंदियां
- कैंट चौक से सीएसडी तिराहा: यहां यातायात को डाकरा बाजार से एमएच के पास रोड कट की तरफ भेजा जाएगा।
- वन-वे व्यवस्था: कैंट से पोस्ट ऑफिस तिराहा तक ट्रैफिक वन-वे रहेगा।
- दिलाराम चौक से कैंट: इस मार्ग पर जाने वाले वाहनों को घंटाघर से बिन्दाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- सर्किट हाउस तिराहा: यहां से कैंट रोड की ओर आने वाले वाहनों को हाथीबड़कला और दिलाराम चौक की तरफ भेजा जाएगा।
मुख्य डायवर्जन पॉइंट्स (इन जगहों पर रहेगा भारी ट्रैफिक):
सेंट ज्यूड्स चौक, कारगी चौक, लालपुल, बल्लीवाला अंडर पास, सर्किट हाउस तिराहा, कैंट चौक, दून स्कूल तिराहा और आईएसबीटी।
पुलिस की अपील: देहरादून पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि मंगलवार को अनावश्यक यात्रा से बचें और यदि बाहर निकलना जरूरी हो तो ट्रैफिक प्लान के अनुसार ही अपनी यात्रा तय करें। असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
