
खटीमा। उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के खटीमा इकाई के सफाई कर्मचारियों ने बीते दिवस सफाई कर्मचारी के साथ हुई मारपीट मामले में जमकर अपना आक्रोश व्यक्त किया तथा नगर पालिका परिषद में कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए। वहीं सफाई कर्मचारी संघ खटीमा इकाई की अध्यक्षा ग्रेस देवी ने खटीमा कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि बीती शाम लगभग 7:30 बजे आउटसोर्स एजेंसी में कार्यरत ट्रैक्टर ड्राइवर तोताराम उर्फ अर्जुन इस्लामनगर नूरी मस्जिद के पास खड़ी ट्रैक्टर ट्राली में भरा कचरा व कट्टों में भरा मुंह बंद कचरा लेकर पुरानी तहसील में लाकर ट्राला में लोड कर रहा था। पीड़िता का आरोप है कि उसी समय एक संगठन के कुछ कार्यकर्ता वहां मौके पर आए तथा लाठी डंडा लेकर उक्त कर्मचारी के साथ बुरी तरह मारपीट की और गाली गलौज किया। वहीं उनका आरोप है कि उन्होंने मारपीट के साथ ही जान से मारने की धमकी दी और जाति सूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। तहरीर में बताया गया है कि कर्मचारी किसी तरह अपनी जान बचाकर थाने पहुंचा। वहीं उन्होंने आरोप लगाया है कि उक्त लोगों द्वारा ड्यूटी के दौरान सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने का कार्य किया गया है। वहीं संघ की अध्यक्षा ने तहरीर सौंप कर संबंधितों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की गुहार लगाई है।
वहीं सफाई कर्मचारी संघ के नेता व भाजपा नेता संतोष गौरव ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज करने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग को लेकर सफाई कर्मचारी से मारपीट मामले में सभी कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठे हैं। उन्होंने कहा कि थाना प्रभारी निरीक्षक तथा सी मौके पर आए थे जिन्होंने हमारी समस्या को सुना तथा अधिशासी अधिकारी के माध्यम से तहरीर मांगा जिस मामले में तहरीर दे दिया गया है और उन्होंने दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने का आश्वासन भी दिया है। वहीं भाजपा नेता संतोष गौरव ने रिपोर्ट दर्ज करने तथा दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की मांग के साथ ही उन्होंने चेतावनी दिया है कि यदि कार्यवाही नहीं हुई तो हम आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
