
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम की प्रतिकूलताओं के बावजूद चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था भारी पड़ रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों के उच्चाधिकारियों के साथ चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। अब तक चारों धामों में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 26 लाख 86 हजार से अधिक हो चुकी है, जिसमें अकेले केदारनाथ धाम पहुंचने वाले भक्तों का आंकड़ा 10 लाख को पार कर गया है।
रुद्रप्रयाग स्थित यात्रा कंट्रोल रूम से प्राप्त जानकारी के अनुसार, केदारनाथ धाम में भगवान के दर्शन के लिए भक्तों का उत्साह चरम पर है। केवल शनिवार शाम 5 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले कुल श्रद्धालुओं की संख्या 10,00,497 तक पहुंच गई। शनिवार को ही 11 हजार से अधिक महिला श्रद्धालुओं सहित कुल 24,066 भक्तों ने बाबा केदार के दर्शन किए।
मई माह में बना रिकॉर्ड
इस वर्ष यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की दैनिक संख्या में भी भारी बढ़ोतरी देखी गई है। बीते 23 मई को एक ही दिन में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। इसके ठीक अगले दिन यानी 24 मई को भी 98 हजार से अधिक भक्तों ने भगवान के दर्शन किए। अन्य दिनों में भी यह संख्या लगातार सामान्य से अधिक बनी हुई है। मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मौसम के उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कमी न आने दी जाए।
