
सितारगंज। सिडकुल इंडस्ट्रीज कल्याण समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को होटल एवरग्रीन में संपन्न हुई, जिसमें सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का चुनाव किया गया। बैठक में श्री दुर्गेश मोहन को समिति का नया अध्यक्ष, श्री विनय डबराल को महासचिव (जनरल सेक्रेटरी) और श्री के.के. धीमान को कोषाध्यक्ष चुना गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पूर्व अध्यक्ष के.सी. सत्यवली समेत तमाम उद्योगपतियों ने बधाई दी।
इस दौरान सिडकुल क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं पर गहरा मंथन हुआ। उद्यमियों ने खस्ताहाल सड़कें, स्ट्रीट लाइटों का न जलना, बदहाल जल निकासी, स्वच्छता, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन जैसी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। वक्ताओं ने कहा कि उद्योगों के सुचारु संचालन के लिए इन बुनियादी दिक्कतों का जल्द दूर होना बेहद जरूरी है।
लंबित समस्याओं का समाधान प्राथमिकता: दुर्गेश मोहन
नवनिर्वाचित अध्यक्ष दुर्गेश मोहन ने सभी सदस्यों का आभार जताते हुए कहा कि सिडकुल क्षेत्र की लंबित समस्याओं को दूर कराना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। इसके लिए प्रशासन, सिडकुल प्रबंधन और संबंधित विभागों के साथ लगातार संवाद कायम किया जाएगा।
बैठक में पूर्व अध्यक्ष के.सी. सत्यवली ने अपने कार्यकाल के सहयोग के लिए आभार जताया। इस मौके पर परमेश्वर शर्मा, भूपेश शर्मा, विक्रम सिंह, रमन चौधरी, अनिल चक्रवर्ती, मुनेश्वर मंडल, अविनाश त्रिवेदी, हैदर अब्बास और आर. नायडू समेत कई प्रमुख उद्यमी व प्रतिनिधि मौजूद रहे।
