
देहरादून: उत्तराखंड तकनीकी विश्वविद्यालय (UTU) में पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार (25 जुलाई) को सियासत गरमा गई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और कांग्रेसियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई, जिसके बाद पुलिस ने गणेश गोदियाल समेत कई दिग्गज नेताओं को हिरासत में लेकर सुद्धोवाला जेल भेज दिया। वहीं, दूसरी ओर ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार के लक्सर में भी विभिन्न संगठनों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया।
यूनिवर्सिटी कार्यालय पर कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन
तय कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस नेता प्रेम नगर से आगे नंदा की चौकी के पास एकत्रित हुए और वहां से पैदल मार्च निकालते हुए यूनिवर्सिटी कार्यालय की ओर कूच किया। विश्वविद्यालय कार्यालय के बाहर कांग्रेसियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी झड़प हुई और कुछ कार्यकर्ता फायर ब्रिगेड की गाड़ी पर भी चढ़ गए।
बढ़ते हंगामे को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत और चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। हिरासत में लिए गए सभी नेताओं को सुद्धोवाला जेल भेज दिया गया है।
रुद्रपुर और लक्सर में भीम आर्मी का प्रदर्शन
देहरादून के अलावा ऊधमसिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भी, दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान पुलिस बैरिकेडिंग तोड़कर कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय तक पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर तनाव की स्थिति बन गई।
उधर, हरिद्वार जिले के लक्सर में भी NEET पेपर लीक मामले और दिल्ली में छात्र पर कथित लाठीचार्ज के खिलाफ शिव चौक पर भीम आर्मी ने उग्र प्रदर्शन किया। भीम आर्मी के कैप्टन दीपक सेठपुर के नेतृत्व में चल रही पांच दिवसीय भूख हड़ताल को अन्य संगठनों का भी समर्थन मिला। भारतीय किसान यूनियन पटेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी कीरत सिंह ने अनशन स्थल पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया और खुद भी कैप्टन दीपक के साथ भूख हड़ताल पर बैठने का ऐलान किया।
