देहरादून
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अभी से सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। सितंबर महीने से पार्टी प्रदेश में बड़ा चुनावी अभियान शुरू करने जा रही है। इसके तहत कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व पहाड़ से लेकर मैदान तक रैलियां और संवाद कार्यक्रम करेगा। राहुल गांधी जहां मैदानी जिलों में युवाओं को साधेंगे, वहीं प्रियंका गांधी पर्वतीय जिलों में महिलाओं और युवाओं के बीच पार्टी का माहौल बनाएंगी। इसके अलावा राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी उत्तराखंड के दौरे पर आ सकते हैं।
कांग्रेस की रणनीति के 3 बड़े बिंदु:
1. राहुल गांधी का फोकस: हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के युवा
राहुल गांधी हाल ही में देहरादून में ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पहुंचे थे। अब पार्टी उन्हें मैदानी जिलों में उतारने की तैयारी में है।
- टारगेट: हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिले।
- रणनीति: इन दोनों जिलों में नए मतदाताओं और युवाओं के साथ सीधा संवाद कराया जाएगा, ताकि मैदानी सीटों पर पार्टी की पकड़ मजबूत हो सके।
2. प्रियंका गांधी का फोकस: पहाड़ की आधी आबादी
प्रियंका गांधी को गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों की जिम्मेदारी दी जा रही है।
- संभावित जिले: चमोली और अल्मोड़ा में जनसभाएं हो सकती हैं।
- रणनीति: पहाड़ की महिलाओं (मातृशक्ति) और स्थानीय मुद्दों को केंद्र में रखकर प्रियंका के कार्यक्रम तय किए जा रहे हैं।
3. मल्लिकार्जुन खड़गे: दिल्ली स्तर पर मंथन जारी
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे को लेकर दिल्ली में खाका तैयार किया जा रहा है। सितंबर में खड़गे समेत अन्य राष्ट्रीय प्रवक्ताओं और केंद्रीय नेताओं को भी अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में उतारा जाएगा।
मौसम साफ होते ही उतरेंगे दिग्गज: प्रीतम सिंह
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने बताया कि फिलहाल प्रदेश में भारी बारिश और मॉनसून के चलते राष्ट्रीय नेताओं के बड़े कार्यक्रम नहीं रखे गए थे। सितंबर से मौसम सामान्य होते ही राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई बड़े नेता प्रदेश के दौरे पर आएंगे। पार्टी उन सीटों और जिलों पर विशेष ध्यान दे रही है, जहां संगठन को मजबूत कर बड़ा चुनावी लाभ लिया जा सके।
