
देहरादून, : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जल्द ही उत्तराखंड के देहरादून दौरे पर आ रही हैं. उनका यह तीन दिवसीय दौरा 19 जून से शुरू होकर 21 जून तक चलेगा, जिसमें उनके कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं. इस दौरे की खास बात यह है कि राष्ट्रपति मुर्मू अपना जन्मदिन (20 जून) देहरादून में ही मनाएंगी और साथ ही अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगी.
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 जून की शाम देहरादून पहुंचेंगी और ‘द प्रेसिडेंट बॉडीगार्ड स्ट्रेट’ स्थित राष्ट्रपति आशियाना में रुकेंगी.
20 जून को, जो कि राष्ट्रपति का जन्मदिन भी है, वह राष्ट्रपति आशियाना परिसर में उत्तराखंड वन विभाग द्वारा तैयार किए गए एक पार्क का शुभारंभ करेंगी. इसके अतिरिक्त, वह सेंट्रल पब्लिक वर्क्स डिपार्टमेंट (CPWD) द्वारा बनाए जा रहे एक अन्य पार्क का शिलान्यास भी करेंगी. मुख्य वन संरक्षक (ईको टूरिज्म) पीके पात्रो ने राष्ट्रपति के इस प्रस्तावित दौरे की जानकारी दी है.
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस, जो हर साल 21 जून को मनाया जाता है, पर भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देहरादून में ही मौजूद रहेंगी. जानकारी के अनुसार, वह देहरादून के पुलिस लाइन में आयोजित होने वाले योग कार्यक्रम में शामिल होंगी.
देहरादून स्थित राष्ट्रपति आशियाना परिसर में 132 एकड़ ज़मीन पर एक विशाल पार्क का निर्माण किया जा रहा है, जिसे अगले साल तक पूरी तरह से तैयार कर लिया जाएगा. यह भी बताया गया है कि राष्ट्रपति आशियाना के कुछ हिस्से को भविष्य में आम लोगों के लिए भी खोला जाएगा. गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 8 दिसंबर 2022 को पहली बार इस आशियाना में रुकी थीं. उनसे पहले पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद भी यहां रह चुके हैं.