
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है, जिसके चलते मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, नैनीताल, चंपावत और बागेश्वर जिलों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।इन जिलों में गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और वर्षा के तीव्र दौर की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा पौड़ी, चमोली, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में 20 सितंबर तक बारिश का यह दौर जारी रह सकता है।
भूस्खलन और जलभराव का खतरा
लगातार हो रही बारिश के कारण संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और चट्टानें गिरने की आशंका बढ़ गई है। इसके चलते राष्ट्रीय राजमार्गों और संपर्क मार्गों पर यातायात बाधित हो सकता है। मैदानी इलाकों, विशेषकर निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है, जिससे बिजली और पानी जैसी सामुदायिक सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।
प्रशासन सतर्क, लोगों से सावधानी बरतने की अपील
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष रूप से सावधान रहने को कहा गया है, क्योंकि भारी वर्षा के कारण जलस्तर अचानक बढ़ सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सूचित करें।
शनिवार रात और रविवार को भी देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश दर्ज की गई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ।रविवार को नरेंद्र नगर क्षेत्र में भारी बारिश के कारण ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे कई घंटों तक बाधित रहा।
