
देहरादून: बर्फ की सफेद चादर ओढ़े औली में क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए पर्यटकों का उत्साह चरम पर है। हालात यह हैं कि गढ़वाल मंडल विकास निगम (GMVN) के गेस्ट हाउस की बुकिंग अभी से फुल हो चुकी है। औली पर्यटकों की पहली पसंद बना हुआ है, लेकिन सरकारी गेस्ट हाउस में जगह न मिलने के कारण अब पर्यटक निजी होटलों का रुख कर रहे हैं।
25 से 31 दिसंबर तक ‘नो रूम’
औली में पर्यटकों की सबसे पहली प्राथमिकता जीएमवीएन (GMVN) के गेस्ट हाउस रहते हैं। निगम के प्रबंधक प्रदीप शाह ने जानकारी दी कि आगामी 25 दिसंबर से लेकर 31 दिसंबर तक के लिए सभी कमरे बुक हो चुके हैं। हर साल की तरह इस बार भी पर्यटकों ने यहां एडवांस बुकिंग कराई है।
निजी होटलों में उम्मीद, मौसम पर टिकी नजरें
जीएमवीएन फुल होने के बाद अब सैलानी निजी होटलों से संपर्क साध रहे हैं। होटल एसोसिएशन औली के अध्यक्ष अंती प्रकाश शाह ने बताया कि नए साल के जश्न को लेकर निजी होटलों में भी एडवांस बुकिंग का सिलसिला शुरू हो गया है। हालांकि, पर्यटक लगातार मौसम का अपडेट भी ले रहे हैं। पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि यदि मौसम मेहरबान रहा और बर्फबारी हुई, तो क्रिसमस और नए साल पर औली में पर्यटकों की रिकॉर्ड भीड़ उमड़ेगी।
