
देहरादून: क्रिसमस और नववर्ष के जश्न में मिलावट का जहर घोलने वालों पर नकेल कसने के लिए उत्तराखंड सरकार सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देशों के बाद खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) विभाग ने प्रदेश भर में विशेष अभियान चलाने का ऐलान किया है।
होटल और रेस्टोरेंट पर रहेगी नजर
एफडीए के अपर आयुक्त ताजबर सिंह जग्गी ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए जिला स्तर पर विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। ये टीमें होटेलों, रेस्टोरेंट और मिठाई की दुकानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के सैंपल इकट्ठा करेंगी। विशेष रूप से मिठाई, नमकीन, बेकरी उत्पादों (जैसे केक-पेस्ट्री), कन्फेक्शनरी और डेयरी उत्पादों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं: स्वास्थ्य सचिव
स्वास्थ्य सचिव और आयुक्त डॉ. आर. राजेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि खाद्य सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “त्योहारों के दौरान आम जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री मिले, इसके लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। सभी जिलों को नियमित जांच के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें कहीं मिलावटखोरी की आशंका हो, तो वे विभागीय पोर्टल या टोल-फ्री नंबर पर इसकी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
