
नैनीताल: सरोवर नगरी नैनीताल से घूमकर वापस लौट रहे उत्तर प्रदेश के पर्यटकों के साथ बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। हनुमानगढ़ी के समीप अनियंत्रित होकर पर्यटकों की कार सड़क किनारे लगी रेलिंग को तोड़ते हुए करीब 50 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। गनीमत रही कि कार नीचे एक पेड़ की आड़ में अटक गई, जिससे कार सवार पांचों युवकों की जान बच गई। पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग ने एक घंटे तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी घायलों को बाहर निकाला।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, केशवपुर (रामपुर, उत्तर प्रदेश) निवासी तेजेंद्र सिंह अपने चार दोस्तों—करनदीप सिंह, विक्रमजीत सिंह, अकबाल सिंह और हिमांशु—के साथ नैनीताल घूमने आए थे। देर रात सभी दोस्त अपनी कार (संख्या यूपी16एएल-0982) से वापस रामपुर लौट रहे थे। वे हनुमानगढ़ी से कुछ ही आगे पहुंचे थे कि अचानक कार अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में समा गई।
पेड़ ने बचाई जान, 1 घंटे चला रेस्क्यू
कार के खाई में गिरते ही वहां हड़कंप मच गया। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही तल्लीताल पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। घायलों को निकालने के लिए करीब एक घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद पांचों युवकों को खाई से बाहर निकालकर 108 एंबुलेंस के जरिए बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों का बयान
नैनीताल के सीओ रविकांत सेमवाल ने बताया, “पांचों पर्यटक रामपुर के रहने वाले हैं। वापस लौटते समय किसी वाहन से पास लेने के दौरान उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर 50 मीटर नीचे गिर गई। सभी घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका प्राथमिक उपचार जारी है।”
वहीं, घटनास्थल पर मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। हादसे के वक्त युवक दूसरे वाहनों से आगे निकलने (पास लेने) की कोशिश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शी ने यह भी आशंका जताई है कि कार सवार नशे में हो सकते थे, जिसके कारण यह दुर्घटना घटी।
