
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
सितारगंज। पर्वतीय समाज के लोक पर्व उत्तरायणी कौतिक का नंदा राजजात यात्रा के साथ शुभारंभ हो गया। पर्वतीय रामलीला से यात्रा की शुरुआत हुई। जो नगर की परिक्रमा करने के बाद मंच पर आकर समाप्त हो गई।

यात्रा में लोक कलाकारों ने छोलिया नृत्य से समां बांधे रखा। राधा-कृष्ण और शिव-पार्वती नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने सभी को मुग्ध कर दिया। महिलायें भी लोक गीतों पर खूब थिरकीं।

मंगलवार को उत्तरांचल सांस्कृतिक विकास समिति के तत्वाधान में रामलीला मैदान में तीन दिवसीय उत्तरायणी कौतिक का शुभारंभ हो गया। राज्य आंदोलनकारी फकीर सिंह कन्याल और पालिकाध्यक्ष सुखदेव सिंह ने फीता काटकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में लोक गायक राजेंद्र अधिकारी ने…नि भूलूं अपना पहाड़, भुवन पांडे ने बेडू पाको बारह मासा व ज्योति ने घास कटूला ऊंचा डाना मा की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। इससे पूर्व पर्वतीय रामलीला से मां नंदा सुनंदा की पालकी के साथ यात्रा निकाली। यहां पर्वतीय समाज ने मां नंदा सुनंदा की पूजा अर्चना की। इसके बाद यात्रा नगर के जेलकैम्प मार्ग होते हुए रामलीला मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंची। यात्रा में भाजपा के जिलाध्यक्ष कमल जिंदल व कांग्रेस के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नवतेजपाल सिंह व ब्लॉक प्रमुख उपकार सिंह बल ने शिरकत कर सभी को कौतिक की बधाई दी।

