
देहरादून/चमोली: उत्तराखंड की बेटियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि प्रतिभा के मामले में वे किसी से कम नहीं हैं। चमोली जिले के पीपलकोटी (बंड क्षेत्र) के अंतर्गत किरुली गांव निवासी आंचल फरस्वाण ने ‘फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026’ का खिताब जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया है। अब वह मुंबई में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तर की फेमिना मिस इंडिया प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।
कड़े मुकाबले में हासिल की जीत
राजधानी देहरादून में आयोजित फेमिना मिस इंडिया उत्तराखंड 2026 के ग्रैंड फिनाले में प्रदेश भर की 21 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। कड़े मुकाबले और विभिन्न चरणों के बाद निर्णायक मंडल ने आंचल फरस्वाण के नाम पर मुहर लगाई। खिताब जीतने के बाद आंचल को बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।
फिजियोथेरेपिस्ट की छात्रा हैं आंचल
आंचल फरस्वाण मूल रूप से चमोली के किरुली गांव की रहने वाली हैं, हालांकि वर्तमान में उनका परिवार देहरादून में रहता है। वह अपनी पढ़ाई में भी काफी होनहार हैं और वर्तमान में देहरादून से ही फिजियोथेरेपिस्ट का कोर्स कर रही हैं।
फौजी पिता की लाड़ली ने बढ़ाया मान
आंचल के पिता रविंद्र फरस्वाण भारतीय सेना के सूबेदार पद से सेवानिवृत्त हैं और उनकी माता एक कुशल गृहिणी हैं। आंचल की इस सफलता के पीछे उनके परिवार का अटूट समर्थन रहा है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में, बल्कि पूरे बंड क्षेत्र और चमोली जनपद में खुशी की लहर है।
मुंबई से है बड़ी उम्मीदें
किरुली गांव और पीपलकोटी क्षेत्र के लोगों ने आंचल को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि आंचल ने अपनी मेहनत से आज यह मुकाम हासिल किया है। अब पूरे उत्तराखंड को उम्मीद है कि वह मुंबई में होने वाली मुख्य प्रतियोगिता में भी जीत हासिल कर मिस इंडिया का खिताब अपने नाम करेंगी और राज्य के साथ-साथ चमोली का नाम राष्ट्रीय पटल पर रोशन करेंगी।
