UTTARAKHAND

औली में ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप 2026’ का भव्य आगाज: पहले दिन हिमाचल की बेटियों का जलवा, पर्यटन मंत्री ने की घोषणाओं की बौछार

चमोली/जोशीमठ:
विश्व प्रसिद्ध हिमक्रीड़ा स्थल औली एक बार फिर सफेद चांदी जैसी बर्फ के बीच रोमांच और साहस का केंद्र बन गया है। उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने शुक्रवार को ‘नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप एवं विंटर कार्निवल 2026’ का विधिवत शुभारंभ किया। 13 से 16 फरवरी तक चलने वाले इस महाकुंभ में देश के 17 राज्यों सहित सेना, आईटीबीपी और सीआरपीएफ की टीमें अपना दमखम दिखा रही हैं।

प्रतियोगिता के पहले दिन ‘जाइंट सलालम’ महिला वर्ग की रेस आयोजित की गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश की खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 18 प्रतिभागियों के बीच हुए कड़े मुकाबले में हिमाचल की आंचल ठाकुर ने प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। वहीं, संध्या ने दूसरा और तनुजा ठाकुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। तीनों विजेता खिलाड़ी हिमाचल प्रदेश से हैं।

शुभारंभ के अवसर पर पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने औली की भौगोलिक महत्ता पर जोर देते हुए कहा, “औली न केवल भारत बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर का एक आदर्श विंटर स्पोर्ट्स हब बनने की क्षमता रखता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार इसे साल भर चलने वाले पर्यटन चक्र का हिस्सा बना रही है।” उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों से स्थानीय होमस्टे और युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।

पर्यटन मंत्री की बड़ी घोषणाएं: ‘हिमालयन कार रैली’ की होगी वापसी

औली में नेशनल स्कीइंग चैंपियनशिप के शुभारंभ के अवसर पर उत्तराखंड के पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने प्रदेश के पर्यटन और साहसिक खेलों के भविष्य को लेकर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने साफ किया कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को केवल सीजनल नहीं, बल्कि ‘ऑल वेदर’ टूरिज्म डेस्टिनेशन बनाना है।

सतपाल महाराज ने उत्तराखंड में साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं:

1. अब हर साल सजेगा औली विंटर कार्निवल

पर्यटन मंत्री ने घोषणा की कि शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए औली में आयोजित होने वाले ‘विंटर कार्निवल’ को अब प्रतिवर्ष नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इसी तरह, पैराग्लाइडिंग के लिए मशहूर ‘ऐरो फेस्टिवल’ भी अब एक कैलेंडर इवेंट होगा।

2. 80 के दशक की ‘हिमालयन कार रैली’ की वापसी

सबसे रोमांचक घोषणा कुमाऊं से गढ़वाल के बीच होने वाली प्रसिद्ध ‘हिमालयन कार रैली’ को लेकर रही। 80 के दशक में बेहद लोकप्रिय रही इस रैली को साल 2026 में दोबारा शुरू किया जाएगा, जिससे दुनिया भर के मोटर स्पोर्ट्स प्रेमी उत्तराखंड की ओर रुख करेंगे।

3. सेना के साथ मिलकर ‘साहसिक चुनौतियां’

  • सूर्य देवभूमि चैलेंज: अप्रैल 2026 में भारतीय सेना के सहयोग से 91 किमी लंबी ट्रेल रेस होगी, जो हेलंग से उर्गम, रुद्रनाथ और मंडल होते हुए उखीमठ तक जाएगी।
  • नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन: 31 मई को चमोली की नीति घाटी में रिमखिम से मलारी तक 75 किमी और 42 किमी की अल्ट्रा मैराथन आयोजित होगी, जिसमें विदेशी एथलीटों को भी आमंत्रित किया जाएगा।

4. सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पर्यटन का विस्तार

  • देवभूमि कल्चरल फेस्टिवल: जून 2026 में बदरीनाथ और माणा में सेना के साथ मिलकर इस महोत्सव का दूसरा संस्करण आयोजित होगा।
  • रोपवे का जाल: केदारनाथ और हेमकुंड साहिब में बहुप्रतीक्षित रोपवे का निर्माण कार्य इसी वर्ष से शुरू होना प्रस्तावित है।

5. औली रोपवे की जल्द होगी मरम्मत

पर्यटन मंत्री ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों की चिंता को दूर करते हुए बताया कि औली रोपवे की मरम्मत का काम प्राथमिकता पर है। इसके लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) पहुँच चुकी है और जल्द ही यह फिर से सुचारू होगा।

सतपाल महाराज ने कहा कि इन आयोजनों से न केवल पर्यटन बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय होमस्टे और छोटे उद्यमियों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार का प्रयास है कि उत्तराखंड के दूरस्थ सीमांत गांवों जैसे नीति और माणा को पर्यटन के मुख्य मानचित्र पर लाकर क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाया जाए।

सांस्कृतिक वैभव और स्थानीय उत्पादों की झलक

कार्निवल के दौरान केवल खेलों का ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड की लोक संस्कृति का भी प्रदर्शन किया गया। ‘मां नंदा देवी डोली’ के भव्य मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। साथ ही, स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है, जो पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

समुद्र तल से 3,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित औली की बर्फीली ढलानों पर नंदा देवी और कामेट जैसे शिखरों की छांव में शुरू हुआ यह उत्सव उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर एक नया अध्याय लिख रहा है।

ये टीमें ले रही हिस्सा-

  1. हिमाचल- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
  2. तेलंगाना- ( अल्पाइन)
  3. ओडिशा- (अल्पाइन)
  4. महाराष्ट्र- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
  5. लद्दाख- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
  6. जम्मू कश्मीर- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
  7. गुजरात- (अल्पाइन)
  8. दिल्ली- (अल्पाइन)
  9. कर्नाटक- (स्की माउंटेनियरिंग)
  10. हरियाणा- (अल्पाइन एवं स्की माउंटेनियरिंग)
  11. पंजाब- (अल्पाइन )
  12. उत्तरप्रदेश- (स्की माउंटेनियरिंग)
  13. सीआरपीएफ- (स्की माउंटेनियरिंग एंड अल्पाइन)
  14. आईटीबीपी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
  15. आर्मी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
  16. उत्तराखंड ए- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
  17. उत्तराखंड बी- (अल्पाइन एंड स्की माउंटेनियरिंग)
Tv10 India

Recent Posts

Uttarakhand Police Transfer: प्रमेंद्र डोबाल बने देहरादून के नए एसएसपी, शासन ने जारी की लिस्ट

देहरादून : उत्तराखंड पुलिस महकमे में आज बड़ा फेरबदल हुआ है। विभाग में कई पुलिस…

9 hours ago

देवभूमि का अलौकिक शिव तीर्थ: जहाँ कण-कण में विराजते हैं महादेव, जानें सवा लाख शिवलिंगों वाले ‘लाखामंडल’ की महिमा

विकासनगर (देहरादून):महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर जहाँ देशभर के शिवालय 'हर-हर महादेव' के जयघोष से…

9 hours ago

“जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” शिविर में 932 लोग हुए लाभान्वित, मौके पर सुलझीं कई समस्याएं

टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क नानकमत्ता।उत्तराखंड सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान "जन-जन की सरकार, जन-जन के…

1 day ago

कल होगा सरस मेले का आगाज, सीएम धामी करेंगे शुभारंभ

मेले में बिखरेगी उत्तराखंड समेत विभिन्न राज्यों की संस्कृति टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क रुद्रपुर।…

1 day ago

सम्पूर्णता अभियान 2.0 में समझाई पोषण, स्वच्छता की महत्ता

सितारगंज में सम्पूर्णता अभियान 2.0 कार्यक्रम में जानकारी देती विशेषज्ञ। रुद्रपुर के राबाइंका फाजलपुर महरौला…

1 day ago

देहरादून में 12 फरवरी से शुरू होगा 25वां भारत रंग महोत्सव 2026

देहरादून। उत्तराखंड में 25वें भारत रंग महोत्सव 2026 की शुरुआत 12 फरवरी से होने जा…

2 days ago