बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामला: बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी का पलटवार, बोले- गोदियाल के आरोप बेबुनियाद, वे जांच को प्रभावित कर रहे
देहरादून: बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में हुए चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मामले में सियासत गरमा गई है। बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल द्वारा लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे ‘राजनीतिक स्टंट’ करार दिया है। द्विवेदी ने पलटवार करते हुए कहा कि गोदियाल बिना किसी तथ्य के बयानबाजी कर जांच को प्रभावित करने और दोषियों को बचाने का प्रयास कर रहे हैं।
हेमंत द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन स्तरों पर जांच चल रही है। इसमें एसआईटी, विभागीय जांच और आयुक्त की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच शामिल है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश हैं कि कोई भी दोषी बचना नहीं चाहिए। सरकार भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है।”
बीकेटीसी अध्यक्ष ने गोदियाल से सवाल किया कि उन्हें यह कैसे पता चला कि आरोपी को ‘ऊपर से’ निर्देश मिलते थे? उन्होंने कहा, “यह जानकारी सार्वजनिक नहीं है, ऐसे में गोदियाल या तो आरोपी के संपर्क में हैं या फिर जांच को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”
द्विवेदी ने आरोपी कर्मचारी प्रमोद नौटियाल की नियुक्ति को लेकर कांग्रेस को घेरा। उन्होंने दावा किया कि 2003 में कांग्रेस सरकार के दौरान जब नंद किशोर नौटियाल अध्यक्ष थे, तब आरोपी को इंटरनेट कोऑर्डिनेटर के रूप में रखा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में गणेश गोदियाल ने नियमों की अनदेखी कर उसे सीधे 4600 ग्रेड पे पर पदोन्नत किया। उन्होंने पूछा कि आखिर उस कर्मचारी पर गोदियाल को इतना विशेष लगाव क्यों था?
हेमंत द्विवेदी ने गोदियाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूर्व अध्यक्ष ने मंदिर समिति के संसाधनों को ‘विवेकाधीन कोष’ की तरह इस्तेमाल किया। उन्होंने दावा किया कि मंदिरों और धर्मशालाओं के विकास के बजाय समिति का पैसा निजी और राजनीतिक हितों के लिए बांटा गया। उन्होंने कहा, “मेरे 14 महीने के कार्यकाल में समिति का एक भी कर्मचारी निजी काम में नहीं लगा है, जबकि पूर्व अध्यक्ष के समय पूरा स्टाफ निजी आवास और राजनीतिक गतिविधियों में व्यस्त रहता था।”
हेमंत द्विवेदी ने कांग्रेस पर संवेदनहीन राजनीति का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि एक तरफ प्रदेश में दुखद घटनाएं हो रही थीं, वहीं दूसरी तरफ गणेश गोदियाल का डांस का वीडियो वायरल हो रहा था। द्विवेदी ने तंज कसा, “माना कि गोदियाल मुंबई से आए हैं और उन्हें नाचने का शौक है, लेकिन कम से कम मंच और परिस्थितियों का तो लिहाज रखना चाहिए।”
देहरादून:उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर…
देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकासखंड स्थित चाईं गांव में आस्था का बड़ा…
देहरादून: उत्तराखंड में भर्तियों की मांग को लेकर मंगलवार को बेरोजगारों का आक्रोश सड़कों पर…
गैरसैंण: देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाओं से नाराज युवा…
देहरादून: उत्तराखंड में मानसून की भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राजधानी देहरादून से…
रुद्रप्रयाग/गोपेश्वर: उत्तराखंड में जारी मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन के साथ-साथ चारधाम यात्रा की रफ्तार पर…