
देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने दो दिवसीय रुद्रप्रयाग दौरे की शुरुआत शनिवार को ऊखीमठ से की। ओंकारेश्वर मंदिर परिसर में पुजारियों और स्थानीय लोगों ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने भगवान केदारनाथ और भगवान मद्महेश्वर की पूजा-अर्चना कर पांडवों का आशीर्वाद प्राप्त किया।
पहली बार किसी गांव में रात्रि प्रवास करेंगे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री धामी पांडव नृत्य उत्सव में शामिल होने के बाद रात्रि प्रवास के लिए पर्यटक ग्राम सारी पहुंचेंगे। यह एक ऐतिहासिक अवसर है क्योंकि उत्तराखंड राज्य बनने के बाद पहली बार कोई मुख्यमंत्री जिले के गांव में रात्रि प्रवास करेंगे। वे ग्रामीणों के साथ संवाद कर उनकी समस्याएं सुनेंगे और राज्य की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
रविवार का कार्यक्रम
रविवार को मुख्यमंत्री सारी गांव से ऊखीमठ लौटेंगे और स्यालसौड़ में आयोजित कृषि, औद्योगिक एवं पर्यटन विकास मेले में हिस्सा लेंगे। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर को देहरादून के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रशासन ने पूरी की तैयारियां
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को पूरी तरह सुनिश्चित किया है। सीडीओ डॉ. गणेश सिंह खाती और एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला ने सारी गांव में व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अंतिम तैयारियों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री के इस दौरे से क्षेत्र में पर्यटन और विकास को नया प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है।