
देहरादून: राजधानी देहरादून के क्लेमेंट टाउन इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने किसी अन्य युवक से बातचीत करने के शक में अपनी महिला मित्र पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है और उसके गले में 60 टांके आए हैं। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया है।
पिता की शिकायत पर दर्ज हुआ मुकदमा
जानकारी के अनुसार, 7 मार्च को आदर्श विहार (रायपुर रोड) निवासी एक व्यक्ति ने क्लेमेंट टाउन थाने में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि क्लेमेंट टाउन स्थित एक निजी शिक्षण संस्थान में एमसीए (MCA) प्रथम वर्ष में पढ़ने वाले छात्र उदय ने उनकी बेटी पर जान से मारने की नीयत से चाकू से हमला किया है। हमले में उनकी बेटी के गले और हाथों पर गंभीर चोटें आईं। वहीं, छीनाझपटी और संघर्ष के दौरान आरोपी उदय का हाथ भी चाकू से कट गया था। घटना के बाद पुलिस ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया था।
दून अस्पताल परिसर से दबोचा गया आरोपी
पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर क्लेमेंट टाउन थाना पुलिस ने आरोपी उदय के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 21 वर्षीय आरोपी उदय सिंह उर्फ विशु को दून अस्पताल परिसर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कृष्णा विहार (ओगल भट्टा) स्थित उसके किराए के कमरे से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। आरोपी मूल रूप से जागृति विहार, मेरठ (उत्तर प्रदेश) का रहने वाला है और यहां अपने तीन दोस्तों के साथ किराए पर रहता था।
शादी करना चाहता था आरोपी, अन्य युवक से संपर्क की बात पर हुआ विवाद
थाना क्लेमेंट टाउन प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी उदय और घायल युवती की मुलाकात सितंबर 2025 में उनके शिक्षण संस्थान में ही हुई थी। इसके बाद से ही दोनों लगातार एक-दूसरे के संपर्क में थे। आरोपी युवक युवती से शादी करना चाहता था। लेकिन, हाल ही में आरोपी को पता चला कि युवती किसी अन्य युवक के संपर्क में भी है।
इसी बात को लेकर 7 मार्च को दोनों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर उदय ने युवती पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए।
युवती की हालत नाजुक
फिलहाल घायल युवती का अस्पताल में इलाज चल रहा है, लेकिन उसकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। हमले में उसके गले की नसें कटने से गहरे घाव हुए हैं, जिसके चलते डॉक्टरों को 60 टांके लगाने पड़े हैं। पुलिस मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
