
देहरादून:
विभिन्न जन-मुद्दों को लेकर कल देहरादून में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन होने जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता परेड ग्राउंड से राजभवन तक विरोध रैली निकालेंगे। इस प्रस्तावित ‘राजभवन कूच’ को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहर की यातायात व्यवस्था न बिगड़े, इसके लिए दून पुलिस ने एक विस्तृत रूट डाइवर्जन प्लान जारी किया है, जो कल सुबह 11 बजे से रैली समाप्ति तक प्रभावी रहेगा।
रैली के दौरान ऐसा रहेगा रूट डाइवर्जन:
कांग्रेस की रैली जैसे-जैसे आगे बढ़ेगी, पुलिस यातायात को डाइवर्ट करेगी:
- ओरियंट चौक से कनक चौक: रैली शुरू होने पर ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले ट्रैफिक को ग्लोब चौक की ओर भेजा जाएगा। लैंसडाउन चौक और बुद्धा चौक से भी आवश्यकतानुसार डायवर्जन होगा।
- कनक चौक और पेसिफिक तिराहा: रैली के कनक चौक पहुंचने पर पेसिफिक तिराहा से आने वाले वाहनों को तनेजा ऑप्टिकल कट से रोजगार तिराहा की ओर मोड़ा जाएगा।
- घंटाघर और ग्लोब चौक: घंटाघर से ओरियंट चौक जाने वाले ट्रैफिक को दर्शन लाल चौक की ओर भेजा जाएगा। वहीं, ग्लोब चौक से बहल चौक जाने वाले ट्रैफिक को पेसिफिक तिराहा से बैनी बाजार की ओर भेजा जाएगा।
- एनेक्सी और हाथीबड़कला: एनेक्सी तिराहा से हाथीबड़कला की ओर किसी भी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी। इस ट्रैफिक को सीएसडी तिराहा और वाटिका तिराहा होते हुए बिंदाल की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
- दिलाराम चौक और राजपुर रोड: रैली के दिलाराम चौक पहुंचने पर कालीदास तिराहा से आने वाले ट्रैफिक को पथरियापीर और नेशविला रोड की ओर भेजा जाएगा। रैली के पीछे किसी भी ट्रैफिक को चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
पार्किंग की व्यवस्था:
रैली में आने वाले वाहनों के लिए पुलिस ने अलग-अलग स्थान चिन्हित किए हैं:
- बड़ी बसें: गुरु नानक ग्राउंड, रेसकोर्स।
- सिटी बसें एवं पुलिस वाहन: रेंजर्स ग्राउंड।
- छोटे वाहन (प्रतिभागी): खेल मैदान, परेड ग्राउंड।
- वीआईपी वाहन: स्मार्ट सिटी शेड पार्किंग, परेड ग्राउंड।
इन रास्तों से बचें और पुलिस की अपील
पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि असुविधा से बचने के लिए कल सुबह 11 बजे से रैली की समाप्ति तक राजपुर रोड और हाथीबड़कला रोड का प्रयोग करने से बचें।
एसएसपी देहरादून, प्रमेंद्र डोबाल ने बताया कि प्रदर्शन के मद्देनजर संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने कहा, “सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और ट्रैफिक प्लान इसलिए बनाया गया है ताकि आम जनता को कम से कम दिक्कत हो। हम सभी से शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील करते हैं।”
प्रमुख बैरियर पॉइंट्स: दिलाराम चौक, एनेक्सी तिराहा, काली दास तिराहा, ओरियंट चौक, पेसिफिक तिराहा, ग्लोब चौक और वाटिका तिराहा।
