
देहरादून: राजधानी देहरादून के थाना नेहरू कॉलोनी क्षेत्र के अंतर्गत रिस्पना नगर में दहेज के लालच में एक नवविवाहिता की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के पांच लोगों के खिलाफ दहेज प्रताड़ना और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
50 लाख रुपये और प्लॉट की थी मांग
रुद्रप्रयाग निवासी सलमान आसिफ ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि उनकी बहन कहकशा आलम का निकाह 19 नवंबर 2025 को रिस्पना नगर निवासी शहबाज आलम के साथ हुआ था। शहबाज पेशे से लैब टेक्निशियन है। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल वाले कहकशा को दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगे थे।
परिजनों के मुताबिक, 18 फरवरी 2026 की रात कहकशा ने अपने भाई को फोन कर रोते हुए बताया था कि ससुराल वाले सहस्रधारा रोड पर प्लॉट खरीदने के लिए 50 लाख रुपये की मांग कर रहे हैं और इसी बात को लेकर उसे मानसिक व शारीरिक रूप से परेशान किया जा रहा है।
मौत से कुछ घंटे पहले किया था फोन
3 मार्च 2026 की सुबह करीब 11 बजे कहकशा ने फिर अपने मायके फोन किया और बताया कि उसके पति, सास-ससुर, देवर और ननद पैसों की मांग को लेकर बहुत गुस्से में हैं। इसके बाद उसी रात करीब 1:30 बजे ससुर यासीन ने कहकशा के पिता को फोन कर सूचना दी कि ‘कहकशा को कुछ हो गया है’। घबराए परिजन जब दून अस्पताल पहुंचे, तो डॉक्टरों ने बताया कि उसे मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था। मायके वालों का सीधा आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर दी।
इन 5 लोगों पर दर्ज हुआ मुकदमा
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मृतका के भाई सलमान आसिफ की तहरीर के आधार पर पति शहबाज आलम, सास खुर्शीदा, ससुर यासीन, देवर सरताज और ननद शबनम के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मुख्य आरोपी पति शहबाज आलम को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
