
विकासनगर: बादामावाला में पानी की टंकी के पास एक मकान में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना हुई। 20 वर्षीय अंश गुप्ता ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अंश गुप्ता उत्तरांचल यूनिवर्सिटी में बीबीए एलएलबी का दूसरे वर्ष का छात्र था। उसके पिता विवेक गुप्ता शहर के जाने-माने अधिवक्ता हैं।
कोतवाली प्रभारी विनोद सिंह गुसाईं ने बताया कि परिजनों के अनुसार, अंश दोपहर करीब तीन बजे कॉलेज से घर लौटा था। वह पहले अपने पिता के कमरे में गया, फिर अपने कमरे में चला गया। कुछ देर बाद, उसकी मां और बहन ने कमरे से गोली की आवाज सुनी। जब वे कमरे में पहुंचे, तो अंश खून से लथपथ पड़ा था और उसके सिर पर गोली लगी थी। उसके पास ही पिता की लाइसेंसी पिस्तौल पड़ी थी।
परिजनों ने तुरंत उसे उप जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उसे धूलकोट स्थित ग्राफिक एरा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
पुलिस के अनुसार, युवक ने अपने पिता के कमरे में रखे डिजिटल लॉकर से पिस्तौल निकाली थी। एफएसएल टीम घटनास्थल से नमूने एकत्र कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
