
देहरादून. उत्तराखंड में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदाओं से हुए भारी नुकसान का आकलन करने के लिए केंद्र सरकार की एक सात सदस्यीय उच्चस्तरीय टीम जल्द ही प्रदेश का दौरा करेगी. यह टीम आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लेगी.इस बीच, उत्तराखंड सरकार भी आपदा से हुए नुकसान का एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर रही है, जिसे केंद्र सरकार को भेजा जाएगा.
आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने जानकारी दी कि सभी विभागों से नुकसान की रिपोर्ट मांगी गई है और उनके आधार पर एक समेकित प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. केंद्र सरकार की ओर से गठित इस टीम में संयुक्त सचिव स्तर के अधिकारी की अध्यक्षता में चीफ इंजीनियर, निदेशक और उपनिदेशक समेत अन्य अधिकारी शामिल होंगे.टीम की रिपोर्ट और राज्य सरकार के प्रस्ताव के आधार पर ही केंद्र सरकार उत्तराखंड के लिए आर्थिक सहायता पैकेज की घोषणा करेगी.
यह केंद्रीय टीम राज्य सरकार द्वारा भेजे जा रहे प्रस्ताव की पुष्टि करने और जमीनी हकीकत को परखने के उद्देश्य से आ रही है.हाल के दिनों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं से जन-जीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है. खासकर चमोली जिले के थराली और उत्तरकाशी के धराली में आपदा ने भारी तबाही मचाई है.
इस बीच, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रभावितों के लिए राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं. सरकार ने चमोली के थराली समेत सभी आपदाग्रस्त क्षेत्रों में पूरी तरह से नष्ट हो चुके मकानों के पुनर्वास और मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये की तत्काल सहायता राशि उपलब्ध कराने की घोषणा की है. मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि प्रभावितों तक राहत सामग्री और अन्य आवश्यक वस्तुएं प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाई जाएं.
