
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
रुद्रपुर। पुलिस महकमे में अनुशासन और चुस्ती-फुर्ती बनाए रखने के लिए शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का आयोजन किया गया। ऊधमसिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने परेड की सलामी ली और जवानों को फिटनेस का मंत्र देते हुए स्पष्ट किया कि शारीरिक दक्षता केवल ड्यूटी नहीं, बल्कि पुलिसकर्मियों की जीवनशैली का अनिवार्य हिस्सा होनी चाहिए।

दौड़ के साथ हुआ आगाज
परेड की शुरुआत जवानों की शारीरिक दक्षता परखने के लिए ‘वार्म-अप’ और हल्की दौड़ के साथ हुई। एसएसपी ने खुद मैदान में मौजूद रहकर जवानों के स्टेमिना को देखा। उन्होंने जोर देकर कहा कि विषम परिस्थितियों में बेहतर कार्य करने के लिए पुलिस बल का शारीरिक और मानसिक रूप से फिट रहना बेहद जरूरी है।
टर्न-आउट में कमियां मिलने पर दिए निर्देश
दौड़ के बाद एसएसपी ने पूरी परेड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के टर्न-आउट (वर्दी, जूते और साज-सज्जा) को चेक किया। जिन जवानों की वर्दी या साज-सज्जा में खामियां पाई गईं, उन्हें मौके पर ही सुधार के सख्त निर्देश दिए गए।
शस्त्राभ्यास और ड्रिल का टेस्ट
परेड को अलग-अलग टोलियों में बांटकर जवानों से ड्रिल का अभ्यास कराया गया। इसके बाद शस्त्राभ्यास सत्र हुआ, जिसमें:
हथियारों के सही रखरखाव की जांच की गई।
आपातकालीन स्थिति में शस्त्रों के त्वरित संचालन की दक्षता को परखा गया।
हथियारों को खोलने और जोड़ने की बारीकियों का मूल्यांकन हुआ।
एसएसपी का संदेश: “एक अनुशासित पुलिसकर्मी ही समाज में सुरक्षा का भरोसा पैदा कर सकता है। ड्रिल और टर्न-आउट हमारी पहचान हैं, इनसे समझौता नहीं किया जाएगा।
