![](https://tv10india.com/wp-content/uploads/2024/12/image-108-1024x576.png)
नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की तबीयत बिगड़ने पर गुरुवार शाम उन्हें दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया। सूत्रों के अनुसार, 92 वर्षीय डॉ. सिंह को इमरजेंसी विभाग में भर्ती किया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
डॉ. सिंह, जो 26 सितंबर को 92 वर्ष के हुए, को हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, और राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने जन्मदिन की बधाई दी थी। उनकी बिगड़ती हालत की खबर मिलते ही प्रियंका गांधी अस्पताल पहुंचीं, जबकि राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे बेलगावी से विशेष विमान के जरिए दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं।
पाकिस्तान के गाह गांव में हुआ था जन्म
1932 में जन्मे डॉ. मनमोहन सिंह का पैतृक गांव गाह वर्तमान में पाकिस्तान में है। विभाजन के समय उनका परिवार भारत आ गया था। 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे डॉ. सिंह ने अपनी नीतियों और दूरदर्शिता से भारत की आर्थिक और राजनीतिक दिशा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। वह जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और नरेंद्र मोदी के बाद सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने वाले नेताओं में शामिल हैं। साथ ही, प्रधानमंत्री बनने वाले एकमात्र सिख राजनेता भी हैं।
सम्मानों से सजी यात्रा
डॉ. मनमोहन सिंह को 1987 में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा, उन्हें 2010 में सऊदी अरब का ‘ऑर्डर ऑफ किंग अब्दुलअज़ीज़’ और 2014 में जापान का ‘ऑर्डर ऑफ द पॉलोनिया फ्लावर्स’ सम्मान भी मिला। हाल ही में सिख संस्था ‘नामधारी संगत सेवा समिति’ ने भारत सरकार से उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की अपील की थी।
डॉ. मनमोहन सिंह के स्वास्थ्य को लेकर देशभर में दुआओं का दौर शुरू हो गया है। देशभर के लोग उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।