
हरिद्वार। देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार देर रात एक भीषण हादसा हो गया। मोतीचूर फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार ट्रक, डंपर, एसयूवी और उत्तराखंड रोडवेज की बस आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
सिलेंडर फटने से मची अफरा-तफरी
हादसा रविवार देर रात का है। टकराने के बाद आग की लपटें इतनी तेज थीं कि रोडवेज बस पूरी तरह से जलकर खाक हो गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई और फ्लाईओवर पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया।
जाम के कारण रेस्क्यू में आई दिक्कत
सूचना मिलते ही मायापुर फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। हरिद्वार के सीएफओ वंश बहादुर यादव ने बताया कि आग पर काबू पाने की कोशिश की गई है। हादसे के बाद हाईवे पर करीब 9 किलोमीटर लंबा जाम लग गया, जिसके चलते रायवाला से आ रही फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को पहुंचने में देरी हुई।
15 एम्बुलेंस से घायलों को भेजा गया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत कार्य के लिए करीब 15 एम्बुलेंस को मौके पर बुलाकर सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाईवे पर लगे जाम को खुलवाने के लिए पुलिस मशक्कत कर रही है।
