
देहरादून.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आगामी 7 मार्च को उत्तराखंड के दौरे पर आ रहे हैं। वे हरिद्वार में साल 2027 में होने वाले अर्धकुंभ की तैयारियों का जायजा लेंगे। इस बात की जानकारी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में दी।
सीएम धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने अर्धकुंभ के लिए उत्तराखंड को 500 करोड़ रुपए की बड़ी सौगात दी है। गृह मंत्री शाह खुद हरिद्वार पहुंचकर प्रशासन और अधिकारियों के साथ मेला तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
होली मिलन में सीएम ने दी जानकारी
रविवार को भाजपा प्रदेश मुख्यालय में होली मिलन समारोह आयोजित किया गया था। इसमें सीएम धामी, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत कई विधायक और संगठन के पदाधिकारी मौजूद थे। इसी कार्यक्रम के दौरान सीएम ने मीडिया से बातचीत में अमित शाह के दौरे की पुष्टि की।
खबर में आगे पढ़िए 3 अहम बातें…
- कुंभ होगा दिव्य-भव्य: सीएम ने कहा कि 2027 का अर्धकुंभ ‘दिव्य और भव्य’ होगा। इसके लिए पूरा मेला प्रशासन अभी से जुटा हुआ है। समय से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।
- पीएम का विजन: सीएम ने कहा कि हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कथनों के अनुसार उत्तराखंड को तीसरे दशक का अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में बढ़ रहे हैं।
- चारधाम यात्रा की तैयारी: सीएम ने कहा कि चारधाम यात्रा राज्य की आर्थिकी की रीढ़ है। सरकार यात्रा से जुड़े सभी स्टेक होल्डर्स से बात कर रही है, ताकि इस बार भी यात्रा का भव्य आयोजन हो सके।
केंद्र का जताया आभार
मुख्यमंत्री ने अर्धकुंभ के लिए 500 करोड़ की धनराशि जारी करने पर केंद्र सरकार और गृह मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आज उत्तराखंड हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है और केंद्र के सहयोग से विकास कार्यों में तेजी आई है।
समारोह में ये रहे मौजूद
होली मिलन कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री अजय, विधायक खजानदास, प्रदेश कोषाध्यक्ष पुनीत मित्तल समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं।
