रुद्रप्रयाग। केदारनाथ पैदल मार्ग पर गौरीकुंड से लगभग एक किलोमीटर आगे छौड़ी क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण बाधित हुआ रास्ता आखिरकार बहाल कर दिया गया है। करीब 8 घंटे तक चले राहत व सफाई कार्य के बाद मार्ग को आवाजाही के लिए सुरक्षित घोषित किया गया। रास्ता खुलते ही विभिन्न पड़ावों पर रोके गए श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली और प्रशासन की देखरेख में केदारनाथ यात्रा पुनः शुरू कराई गई।
मंगलवार देर रात क्षेत्र में हुई मूसलाधार बारिश के चलते छौड़ी के पास पहाड़ी से अचानक बड़े-बड़े बोल्डर और मलबा पैदल मार्ग पर आ गिरा था। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही को रोक दिया और उन्हें गौरीकुंड व आसपास के सुरक्षित स्थानों पर ठहराया।
बुधवार सुबह होते ही जिला आपदा राहत बल (DDRF), पुलिस और स्थानीय मजदूरों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। लगातार प्रयासों और भारी बोल्डरों को हटाने के बाद मार्ग को दोबारा चलने योग्य बनाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 8 घंटे में रास्ते को पूरी तरह सुचारू कर दिया गया।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मार्ग से मलबा हटाकर यात्रा को सुरक्षित रूप से बहाल कर दिया गया है। उन्होंने कहा, “यात्रा प्रशासन की निगरानी में संचालित की जा रही है। मौसम के मिजाज को देखते हुए सभी श्रद्धालुओं से अपील की जाती है कि वे पूरी सावधानी बरतें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।”
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई स्थानों पर लैंडस्लाइड से छोटे-बड़े मार्ग प्रभावित हो रहे हैं और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रुद्रप्रयाग प्रशासन संवेदनशील इलाकों पर पैनी नजर रख रहा है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव दलों को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रखा गया है।
मुख्य बिंदु: द्वितीय चरण की 212 नई महिला लाभार्थियों को पहली किश्त में ₹1.55 करोड़…
मुख्य बिंदु: तल्लीताल डांठ से मल्लीताल रिक्शा स्टैंड तक पूरे मॉल रोड पर हॉर्न बजाने…
देहरादून:उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए अच्छी खबर…
देहरादून: उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ विकासखंड स्थित चाईं गांव में आस्था का बड़ा…
देहरादून: उत्तराखंड में भर्तियों की मांग को लेकर मंगलवार को बेरोजगारों का आक्रोश सड़कों पर…
गैरसैंण: देशभर में प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक की घटनाओं से नाराज युवा…