
देहरादून: भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की प्रदेश मंत्री नेहा जोशी ने सोमवार को नई दिल्ली में भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने श्री नवीन को उनके नए और गरिमामय उत्तरदायित्व के लिए पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

उल्लेखनीय है कि दोनों नेताओं के बीच संगठनात्मक कार्यों का वर्षों पुराना और गहरा समन्वय रहा है। नेहा जोशी और नितिन नवीन ने पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) में लंबे समय तक साथ कार्य किया है। जब नेहा जोशी BJYM की राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रही थीं, उस समय नितिन नवीन बिहार युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जा रहे थे। आज राष्ट्रीय स्तर पर फिर से साथ काम करने का अवसर पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने वाला है।
भेंट के दौरान उत्तराखंड में पार्टी की वर्तमान गतिविधियों और आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। इस अवसर पर नितिन नवीन ने उत्तराखंड भाजपा के कार्यों की सराहना की और देवभूमि में संगठन को और अधिक धार देने व धरातल पर सशक्त बनाने हेतु नेहा जोशी को विशेष मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
नेहा जोशी ने कहा, “नितिन नवीन जी का लंबा संगठनात्मक अनुभव पार्टी को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा। उनके मार्गदर्शन में उत्तराखंड भाजपा और अधिक मजबूती के साथ जन-जन तक पहुंचेगी।”
