
पिथौरागढ़: उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में रविवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बंगापानी क्षेत्र के उमरगड़ा के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई है, जिसमें भारतीय सेना का एक जवान भी शामिल है। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल है, जिसका इलाज चल रहा है।
दिल्ली नंबर की कार का हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिल्ली नंबर (DL 3 CC N 3785) की एक कार पिथौरागढ़ से मुनस्यारी की ओर जा रही थी। रविवार सुबह करीब 11 बजे जैसे ही वाहन बंगापानी के उमरगड़ा के पास पहुंचा, अचानक चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधी गहरी खाई में जा गिरा।
रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर कड़ी मशक्कत के बाद घायलों और शवों को बाहर निकाला। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, हादसे में दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
दो अन्य गंभीर रूप से घायलों को तुरंत रेस्क्यू कर जिला अस्पताल भेजा गया, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तीसरे युवक ने भी दम तोड़ दिया।
क्षेत्र में फैली शोक की लहर
हादसे में जान गंवाने वालों में एक सेना का जवान भी है। इस घटना से पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, जिला अस्पताल में भर्ती एकमात्र घायल युवक का इलाज जारी है। प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
