पौड़ी। उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से.नि) शुक्रवार को जनपद मुख्यालय पौड़ी पहुंचे। उनके आगमन पर जिला प्रशासन और पुलिस द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। हैलीपैड पर पहुंचने के बाद पुलिस की टुकड़ी ने राज्यपाल को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया।
विधायक और अधिकारियों ने किया स्वागत
राज्यपाल के स्वागत के लिए स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी समेत जिले के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर राज्यपाल का अभिनंदन किया। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, राज्यपाल शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे पौड़ी स्थित सर्किट हाउस पहुंचे।
विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण
सर्किट हाउस परिसर में राज्यपाल ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने बाल विकास विभाग, उद्योग विभाग और रीप (REAP) परियोजना की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों व विभागीय योजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी ली। राज्यपाल ने इस दौरान स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों के प्रयासों की सराहना भी की।
दीक्षांत समारोह में होंगे मुख्य अतिथि
राज्यपाल के इस दौरे का मुख्य उद्देश्य शनिवार को कृषि एवं औद्यानिकी विश्वविद्यालय, भरसार में आयोजित होने वाले दीक्षांत समारोह में शिरकत करना है। राज्यपाल विश्वविद्यालय के कुलाधिपति के रूप में मेधावी छात्रों को उपाधियां और पदक प्रदान करेंगे।
अधिकारियों के साथ करेंगे समीक्षा बैठक
आज शाम राज्यपाल विभागीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगे, जिसमें जिले में चल रही विकास योजनाओं और कानून व्यवस्था की समीक्षा की जाएगी। राज्यपाल के आगमन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
