
देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने नए साल 2026 के लिए सरकारी छुट्टियों का कैलेंडर जारी कर दिया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, साल 2026 में राज्य के सरकारी कर्मचारियों को कुल 28 सार्वजनिक अवकाश मिलेंगे। सरकार ने इस बार कैलेंडर में किसी भी नए अवकाश की घोषणा नहीं की है।
सचिवालय और विधानसभा कर्मियों को मिलेंगी 25 छुट्टियां
सरकार द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छुट्टियों की यह संख्या कार्यालय के स्वरूप पर निर्भर करेगी। जिन सरकारी कार्यालयों में पांच दिवसीय सप्ताह (5-Day Week) की व्यवस्था लागू है, जैसे कि सचिवालय और विधानसभा, वहां कर्मचारियों को साल भर में केवल 25 सार्वजनिक अवकाश ही अनुमन्य होंगे।
जिलाधिकारियों (DM) को 3 स्थानीय अवकाश का अधिकार
शासन ने जिलाधिकारियों को स्थानीय परिस्थितियों और त्योहारों के मद्देनजर छुट्टियां देने का अधिकार बरकरार रखा है।
- जिलाधिकारी अपने जिले में स्थानीय मेलों और त्योहारों के महत्व को देखते हुए वर्ष में 3 स्थानीय अवकाश घोषित कर सकते हैं।
- हालांकि, यह नियम भी स्पष्ट किया गया है कि डीएम द्वारा घोषित किए गए ये स्थानीय अवकाश सचिवालय और विधानसभा में लागू नहीं होंगे।
बैंकों और स्कूलों पर भी लागू होगा कैलेंडर
जारी किया गया यह कैलेंडर राज्य के सभी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ बैंकों, कोषागारों और शैक्षणिक संस्थानों पर भी लागू होगा। इसमें राष्ट्रीय पर्वों, प्रमुख त्योहारों और जयंतियों को शामिल किया गया है। 2026 के लिए छुट्टियों की यह सूची कर्मचारियों को अपने साल भर के कार्यक्रमों की योजना बनाने में मदद करेगी।
ये है सार्वजनिक अवकाशों की सूची
- गणतंत्र दिवस- 26 जनवरी
- महा शिवरात्रि – 15 फरवरी
- होलिका दहन- 03 मार्च
- होली – 04 मार्च
- ईद-उल-फितर – 21 मार्च
- रामनवमी- 26 मार्च
- महावीर जयंती – 31 मार्च
- गुड फ्राइडे – तीन अप्रैल
- डा भीमराव आंबेडकर जयंती- 14 अप्रैल
- बुद्ध पूर्णिमा – 01 मई
- ईद उल अजहा- 27 मई
- मोहर्रम – 26 जून
- हरेला – 16 जुलाई
- स्वतंत्रता दिवस – 15 अगस्त
- ईद उल मिलाद- 26 अगस्त
- रक्षा बंधन- 28 अगस्त
- जन्माष्टमी- 04 सितंबर
- महात्मा गांधी जयंती – दो अक्टूबर
- दशहरा – 20 अक्टूबर
- महर्षि वाल्मीकि जयंती- 26 अक्टूबर
- दीपावली- 08 नवंबर
- गोवर्द्धन पूजा – 10 नवंबर
- ईगास-बग्वाल – 20 नवंबर
- गुरु नानक जयंती – 24 नवंबर
- क्रिसमस – 25 दिसंबर
- सचिवालय व विधानसभा को छोड़ प्रदेश में इन दिनों भी रहेगा अवकाश
- चेटीचंद – 19 मार्च
- विश्वकर्मा पूजा – 17 सितंबर
- गुरु तेगबहादुर शहीद दिवस- 24 नवंबर
