
नैनीताल:उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को विपक्ष, विशेषकर कांग्रेस पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला है। नैनीताल जिले के लेटीबुंगा (हिमगिरी स्टेडियम) में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि विपक्ष को अयोध्या में बाबरी मस्जिद तो पसंद है, लेकिन उन्हें कैंची धाम का सौंदर्यीकरण और मंदिरों का विकास रास नहीं आ रहा है।
शुक्रवार को लेटीबुंगा में करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद सीएम ने अपने संबोधन में हिंदुत्व, लैंड जिहाद और डेमोग्राफी जैसे मुद्दों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।
“10 हजार हेक्टेयर जमीन लैंड जिहाद से मुक्त कराई”
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि भाजपा सरकार सनातन धर्म को निरंतर आगे बढ़ाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ‘लैंड जिहाद’ के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया गया, जिसके तहत अब तक 10 हजार हेक्टेयर सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है।
सीएम ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के शासनकाल में तुष्टिकरण की राजनीति के चलते प्रदेश की डेमोग्राफी (जनसांख्यिकी) में बदलाव आया है। उन्होंने कहा, “जंगलों में हरी चादर डालकर अतिक्रमण करने वालों को हमारी सरकार हटा रही है। हम देवभूमि में मुगल परस्त मानसिकता को किसी भी कीमत पर पनपने नहीं देंगे और घुसपैठियों को प्रदेश से बाहर करेंगे।”
“वोट बैंक के लिए दंगाइयों को बचाती है कांग्रेस”
हल्द्वानी के बनभूलपुरा हिंसा का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि हमारी सरकार ने उपद्रवियों को जेल भेजने का काम किया, जबकि कांग्रेस वोट की राजनीति के चक्कर में एक समुदाय विशेष के लोगों और दंगाइयों को बचाने की कोशिश करती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को यूसीसी (समान नागरिक संहिता), सख्त भू-कानून और दंगा रोधी कानून से परेशानी है।
विकास की सौगात: करोड़ों की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
इस दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसमें सड़कें, स्वास्थ्य सुविधाएं और शिक्षण संस्थानों का सुदृढ़ीकरण शामिल है।
प्रमुख लोकार्पण (उद्घाटन):
- स्वास्थ्य: 19.48 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर यूनिट।
- सड़कें:
- 16.62 करोड़ से भीमताल-खुटानी-चांफी-परमपुरी-धानाचुली पंचेश्वर मोटरमार्ग का सुधारीकरण।
- 11.62 करोड़ से भवाली-सेनिटोरियम से नैनीबैंड तक बाईपास पार्ट-2 का सुधारीकरण।
- 7.95 करोड़ से भीमताल बाईपास मोटर मार्ग का सुधारीकरण।
- 4.53 करोड़ से सेनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास भाग-1 का डामरीकरण।
- शिक्षा: 8.43 करोड़ से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय हल्दूचौड़ में पुस्तकालय व बहुउद्देशीय हॉल।
- अन्य: 1.46 करोड़ से ग्राम पूछड़ी में गोशाला और 61.38 लाख से जीआईसी जाड़ापानी में विभिन्न कक्षों का लोकार्पण।
प्रमुख शिलान्यास (नींव रखी):
- शिक्षा: 5.35 करोड़ से लालकुआं डिग्री कॉलेज में परीक्षा भवन और 97.72 लाख से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चहारदीवारी।
- सड़कें: 9.81 करोड़ से बेतालघाट में दूनीखाल से रातीघाट मोटर मार्ग और 8.19 करोड़ से पंगोट-दैचोरी मार्ग का नवनिर्माण।
- खेल: 1.5 करोड़ से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में स्वीमिंग पूल पर शेड व कवरिंग कार्य।
- अन्य: रामनगर में आवासीय भवन (45 लाख) और ओखलकांडा में सभागार कक्ष (75 लाख)।
