
देहरादून.
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को हड़कंप मच गया। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे के कान खड़े हो गए। आनन-फानन में पुलिस के आला अधिकारी, डॉग स्क्वाड और बम निरोधक दस्ता (BDS) मौके पर पहुंचे। टीम ने पूरे परिसर में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।
खबर में आगे पढ़िए पूरा मामला…
- ईमेल से मिली धमकी: सोमवार (2 मार्च) को पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात व्यक्ति ने ईमेल भेजकर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी दी है।
- एसएसपी का एक्शन: सूचना मिलते ही देहरादून एसएसपी प्रमेद्र डोबाल ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस के उच्चाधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला।
- परिसर खाली कराया: पुलिस ने एहतियात के तौर पर पासपोर्ट ऑफिस परिसर को तुरंत खाली करा दिया। इसके बाद डॉग स्क्वाड और बीडीएस की मदद से पूरे ऑफिस की तलाशी ली गई।
सर्च ऑपरेशन में कुछ नहीं मिला
बम निरोधक दस्ते ने ऑफिस के हर कोने की बारीकी से जांच की। घंटों चली चेकिंग के बाद टीम को कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध सामग्री नहीं मिली। जांच पूरी होने के बाद अधिकारियों और वहां मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली। पुलिस अब ईमेल भेजने वाले का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
पहले कोर्ट्स को भी मिल चुकी है धमकी
गौरलतब है कि पिछले महीने भी उत्तराखंड में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने वाले ऐसे मेल सामने आए थे। नैनीताल हाईकोर्ट समेत नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी, हरिद्वार और देहरादून जिला न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, जांच में वे धमकियां भी फर्जी निकली थीं। पुलिस इन मामलों की भी जांच कर रही है।
