
देहरादून: उत्तराखंड के पर्यटन मानचित्र पर टिहरी झील एक बार फिर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार है। आगामी 6 से 9 मार्च के बीच भव्य ‘टिहरी लेक फेस्टिवल’ का आयोजन होने जा रहा है। चार दिवसीय इस महोत्सव का भव्य शुभारंभ 6 मार्च को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा किया जाना प्रस्तावित है। टिहरी जिला प्रशासन और उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस फेस्ट का मुख्य उद्देश्य टिहरी को अंतरराष्ट्रीय स्तर का टूरिस्ट डेस्टिनेशन बनाना और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना है।
साहसिक खेलों और प्रतियोगिताओं की धूम
जिलाधिकारी नीतिका खंडेलवाल ने बताया कि इस बार का फेस्टिवल ‘एडवेंचर टूरिज्म’ का पावर पैक होगा। महोत्सव के दौरान ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग (MTB), रॉक क्लाइंबिंग और राफ्टिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के लिए मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील मेकिंग, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी और रैप सिंगिंग जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी।
विजेताओं पर होगी इनामों की बारिश
प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों के लिए भारी-भरकम इनामी राशि रखी गई है।
- प्रथम पुरस्कार: 1 लाख रुपये
- द्वितीय पुरस्कार: 50 हजार रुपये
- तृतीय पुरस्कार: 25 हजार रुपये
इसके अलावा, 10 प्रतिभागियों को 5-5 हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे।
अमित त्रिवेदी और पांडवाज बैंड बिखेरेंगे जलवा
महोत्सव का मुख्य केंद्र कोटी कॉलोनी होगा, जहां सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी।
- 6 मार्च: ‘पांडवाज बैंड’ अपनी प्रस्तुति से लोक संस्कृति के रंग बिखेरेगा। साथ ही वीर भड़ माधो सिंह भंडारी की जीवनगाथा पर आधारित नाट्य मंचन भी होगा।
- 7 मार्च: मशहूर बॉलीवुड संगीतकार और गायक अमित त्रिवेदी अपने गानों से युवाओं में जोश भरेंगे।
पूरे जिले में फैलेगा उत्सव का रंग
सिर्फ कोटी कॉलोनी ही नहीं, बल्कि टिहरी के अलग-अलग ब्लॉकों में भी गतिविधियां होंगी:
- प्रतापनगर: 7 और 8 मार्च को माजफ-पीडी और थात-खैट पर्वत ट्रैक।
- घनसाली: बासल ताल ट्रैक का आयोजन।
- नरेन्द्र नगर: 8 मार्च को ब्रह्मपुरी से खारास्रोत तक गंगा में रोमांचक राफ्टिंग।
- धनोल्टी: सुआखोली से देवलसारी तक माउंटेन बाइकिंग (MTB) राइड।
आध्यात्म और योग का संगम (देवप्रयाग)
उत्सव के दौरान प्रतिभागियों को देवप्रयाग के आध्यात्मिक वैभव से भी रूबरू कराया जाएगा। यहां प्रसिद्ध रघुनाथ मंदिर के दर्शन, संगम पर गंगा आरती और योगाभ्यास के विशेष सत्र होंगे। साथ ही, पर्यटकों को ऐतिहासिक वेदशाला का भ्रमण भी कराया जाएगा।
अगर आप एडवेंचर, संगीत और उत्तराखंड की लोक संस्कृति के शौकीन हैं, तो 6 से 9 मार्च के बीच टिहरी लेक फेस्टिवल आपके लिए एक बेहतरीन गंतव्य साबित होने वाला है।
