![]()
देहरादून: उत्तराखंड सचिवालय में महिला एवं बाल विकास विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य ने की। बैठक में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, एकल महिला स्वरोजगार योजना और नंदा गौरा योजना से संबंधित कई बड़े और महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब रिटायरमेंट पर मिलेंगे 1 लाख रुपये
महिला एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य ने घोषणा की कि अगले वित्तीय वर्ष, यानी 1 अप्रैल से, उत्तराखंड की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को रिटायरमेंट पर न्यूनतम 1 लाख रुपये की राशि मिलेगी। यह राशि अब तक मिलने वाले 35 से 40 हजार रुपये से काफी अधिक है। मंत्री ने बताया कि इस बढ़ोतरी के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मासिक 300 रुपये के योगदान और संगठनों की स्वीकृति आवश्यक थी, जो अब मिल चुकी है।
एकल महिला स्वरोजगार योजना: 504 आवेदनों को मिली स्वीकृति
धामी सरकार द्वारा शुरू की गई एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत, 6 जिलों में कुल 504 आवेदनों को स्वीकृति मिल चुकी है। इन स्वीकृत प्रस्तावों पर अगले महीने जनवरी के पहले सप्ताह में धनराशि जारी कर दी जाएगी। अन्य जिलों में भी प्रस्तावों पर प्रक्रिया जारी है।
नंदा गौरा योजना: रिकॉर्ड 45,000 से अधिक आवेदन
नंदा गौरा योजना को लेकर भी बैठक में चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष योजना के तहत अब तक 45,000 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं, जो कि अब तक की सबसे बड़ी संख्या है। आवेदन की अंतिम तिथि 20 दिसंबर है और यह संख्या अभी और बढ़ सकती है। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि 15 जनवरी से सभी पात्र लाभार्थियों को धनराशि जारी कर दी जाए।
आंगनबाड़ी सेविकाओं को प्रमोशन का तोहफा
बैठक में आंगनबाड़ी सेविकाओं के प्रमोशन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए। विभाग जल्द ही आंगनबाड़ी से सुपरवाइजर के 88 रिक्त पदों पर प्रमोशन की प्रक्रिया शुरू करेगा, जिसके लिए अगले एक सप्ताह के भीतर विज्ञप्ति जारी की जाएगी।
वृद्ध महिलाओं के लिए नई योजनाएं
उत्तराखंड की विषम भौगोलिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए, दूरस्थ इलाकों में वृद्ध महिलाओं को भावनात्मक, सामाजिक और आर्थिक सहयोग प्रदान करने के लिए नई योजनाओं पर चर्चा की गई। इन योजनाओं के लिए विभाग ने प्रारंभिक तौर पर 8 करोड़ रुपये का फंड रखा है और अगले साल इन्हें लॉन्च किया जाएगा।
