
नई दिल्ली/देहरादून: उत्तराखंड की राजनीति में शनिवार को एक बड़ी हलचल देखने को मिलने वाली है। प्रदेश के कई दिग्गज नेता आज नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) मुख्यालय में कांग्रेस का दामन थामेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व की मौजूदगी में तीन पूर्व विधायकों और रुड़की के पूर्व मेयर सहित कुल छह प्रमुख नेता कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करेंगे।
इन दिग्गजों की हो रही है ‘घर वापसी’ और एंट्री
कांग्रेस में शामिल होने वाले प्रमुख चेहरों में रुद्रपुर के कद्दावर नेता और पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, सितारगंज के पूर्व विधायक नारायण पाल और घनसाली (टिहरी) के पूर्व विधायक भीमलाल आर्य शामिल हैं। इनके अलावा रुड़की नगर निगम के पूर्व मेयर गौरव गोयल, भीमताल से लाखन नेगी और मसूरी नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अनुज गुप्ता भी कांग्रेस की सदस्यता लेंगे।
नेताओं का सियासी सफरनामा:
- राजकुमार ठुकराल: रुद्रपुर से पूर्व विधायक रहे ठुकराल ने 2022 के विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने के कारण भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। वे क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ के लिए जाने जाते हैं।
- नारायण पाल: सितारगंज के पूर्व विधायक पाल पहले भी कांग्रेस में रह चुके हैं, लेकिन 2022 में टिकट कटने पर उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। अब वे फिर से कांग्रेस के साथ अपनी नई पारी शुरू कर रहे हैं।
- गौरव गोयल: रुड़की के पूर्व मेयर गौरव गोयल ने निर्दलीय चुनाव जीतकर सबको चौंका दिया था, जिसके बाद वे भाजपा में शामिल हुए थे। कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था।
- भीमलाल आर्य: टिहरी जिले की घनसाली सीट से पूर्व विधायक रहे आर्य की भी दलित समाज और स्थानीय स्तर पर अच्छी पैठ मानी जाती है।
गणेश गोदियाल दिल्ली रवाना
इस सदस्यता कार्यक्रम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल खुद इस कार्यक्रम के लिए दिल्ली रवाना हो चुके हैं। सूत्रों का कहना है कि यह ज्वाइनिंग कांग्रेस को आगामी निकाय चुनावों और संगठन की मजबूती के लिए संजीवनी का काम करेगी।
भाजपा के लिए बड़ा झटका?
एक साथ छह बड़े नेताओं का कांग्रेस में जाना, विशेषकर भाजपा पृष्ठभूमि या प्रभाव वाले नेताओं का, सत्तारूढ़ दल के लिए एक बड़ा सियासी झटका माना जा रहा है। कांग्रेस इस ‘ग्रैंड ज्वाइनिंग’ के जरिए यह संदेश देना चाहती है कि प्रदेश में राजनीतिक हवा अब कांग्रेस के पक्ष में बह रही है।
