
देहरादून: उत्तराखंड में आज मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक हो रही बारिश ने जनजीवन को प्रभावित किया है। राजधानी देहरादून और मसूरी में बारिश के चलते तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। वहीं, चारधाम में से एक केदारनाथ धाम में भी बर्फबारी होने की खबर है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की है। पूर्वानुमान के अनुसार, आज 15 मार्च को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान चलने की संभावना है, जिसे देखते हुए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है।
इसके अलावा, देहरादून, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं को लेकर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बिजली कड़कने, तेज बारिश होने और ओलावृष्टि की भी चेतावनी दी है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले चार से पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बीते शनिवार के आंकड़ों पर गौर करें तो राज्य के तापमान में काफी बढ़ोतरी देखी गई थी। देहरादून में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 31.3 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री अधिक 16.3 डिग्री दर्ज किया गया था। इसी तरह मुक्तेश्वर में भी अधिकतम तापमान सामान्य से 6 डिग्री ज्यादा 23.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.4 डिग्री दर्ज हुआ। प्रदेश के अन्य हिस्सों का भी हाल कुछ ऐसा ही था, लेकिन अब इस बदलाव के साथ तापमान में कमी आने की उम्मीद है।
