
रुद्रप्रयाग: केदारनाथ मंदिर के ऊपर स्थित चौराबाड़ी ग्लेशियर के पास गुरुवार दोपहर को एक हिमस्खलन हुआ.यह घटना कैमरे में कैद हो गई और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. हालांकि, इस घटना में किसी भी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है.
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने जानकारी देते हुए बताया कि यह एक सामान्य प्राकृतिक घटना है और इससे घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है.उन्होंने कहा कि हिमालयी क्षेत्रों में इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं.

यह हिमस्खलन गुरुवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच केदारनाथ धाम से लगभग 5 से 8 किलोमीटर दूर चौराबाड़ी ताल के ऊपरी क्षेत्र में हुआ. वायरल वीडियो में ग्लेशियर से भारी मात्रा में बर्फ टूटकर नीचे गिरते हुए और बर्फ का गुबार उठता हुआ दिखाई दे रहा है.
प्रशासन के अनुसार, स्थिति सामान्य है और विशेषज्ञ टीमों को अलर्ट पर रखा गया है जो स्थिति का आकलन कर रही हैं.अधिकारियों ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी न फैलाने की अपील की है.
गौरतलब है कि चौराबाड़ी ग्लेशियर का यह वही क्षेत्र है जहां 2013 में आई विनाशकारी आपदा का एक बड़ा कारण बनी झील स्थित थी.इस वजह से इस क्षेत्र में होने वाली किसी भी हलचल पर विशेष नजर रखी जाती है. पिछले साल भी केदारनाथ के ऊपरी इलाकों में हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई थीं.
