
देहरादून: देहरादून में वीआईपी वाहन नंबरों का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है। खास नंबरों को स्टेटस सिंबल मानते हुए लोग लाखों रुपये खर्च करने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं। ताजा मामला UK 07 HJ सीरीज के 0001 नंबर का है, जिसे शहर के अधिवक्ता आलोक पुंडीर ने 13 लाख 74 हजार रुपये की ऑनलाइन बोली लगाकर हासिल किया है। यह नंबर उनकी नई मर्सिडीज़ GLS कार के लिए लिया गया है।
परिवहन विभाग के रिकॉर्ड के अनुसार, यह बोली देहरादून के इतिहास में फैंसी नंबर 0001 के लिए दूसरी सबसे ऊंची बोली है। इससे पहले ऑल टाइम हाई बोली UK 07 HC सीरीज के 0001 नंबर के लिए 13 लाख 77 हजार रुपये की लगी थी।
अन्य फैंसी नंबरों पर लगी बोली
UK 07 HJ सीरीज के तहत कुल 23 नंबरों की ऑनलाइन नीलामी की गई, जिसमें कई नंबरों पर लाखों रुपये की बोली लगी—
- 0003 – 4 लाख 87 हजार रुपये
- 0007 – 3 लाख 66 हजार रुपये
- 0006 – 1 लाख 78 हजार रुपये
- 7777 – 1 लाख 80 हजार रुपये
- 0009 – 1 लाख 60 हजार रुपये
- 7000 – 1 लाख 51 हजार रुपये
- 0005 – 1 लाख 32 हजार रुपये
कैसे मिलता है 0001 नंबर
परिवहन विभाग के नियमों के अनुसार 0001 और 0786 जैसे खास नंबरों की न्यूनतम आरक्षित कीमत एक लाख रुपये है। इच्छुक व्यक्ति को पहले यह राशि जमा करानी होती है, जिसके बाद वह ऑनलाइन बोली प्रक्रिया में भाग ले सकता है। अन्य फैंसी नंबरों की न्यूनतम कीमत 25 हजार और 10 हजार रुपये तय है।
0786 नंबर का क्रेज हुआ कम
कभी खास पसंद किया जाने वाला 0786 नंबर अब लोगों को ज्यादा आकर्षित नहीं कर रहा है। हालांकि इसकी न्यूनतम कीमत भी एक लाख रुपये है, लेकिन इस बार हुई नीलामी में इस नंबर के लिए किसी ने भी बोली नहीं लगाई।
देहरादून आरटीओ संदीप सैनी के अनुसार, फैंसी नंबरों के प्रति लोगों का रुझान साफ तौर पर दिख रहा है और खासकर 0001 नंबर आज भी सबसे ज्यादा लोकप्रिय बना हुआ है।
