
देहरादून: देहरादून-हरिद्वार राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित लच्छीवाला टोल प्लाजा पर शनिवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया।हाथी ने न केवल टोल बैरियर को क्षतिग्रस्त किया, बल्कि एक कार पर हमला करके उसका पिछला शीशा भी तोड़ दिया। गनीमत रही कि कार में सवार चार यात्री इस घटना में बाल-बाल बच गए।
घटना शनिवार शाम करीब 7:15 बजे की है, जब लच्छीवाला नेचर पार्क की ओर से एक हाथी जंगल से निकलकर टोल प्लाजा पर आ धमका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने पहले वीआईपी लेन के बैरियर को तोड़ा। इसी बीच एक कार चालक ने हाथी के सामने से निकलने की कोशिश की, जिससे हाथी भड़क गया। गुस्से में आकर हाथी ने अपनी सूंड से कार पर हमला कर दिया, जिससे पिछला शीशा चकनाचूर हो गया। इस अप्रत्याशित हमले से कार में बैठे लोग बुरी तरह सहम गए।
हाथी के आतंक से टोल प्लाजा और हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात थम गया और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। कई वाहन चालक अपनी गाड़ियों को पीछे करने लगे। सूचना मिलने पर वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हाथी को सुरक्षित वापस जंगल की ओर भेजने में मदद की, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका।
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह क्षेत्र एक ज्ञात हाथी गलियारा है और यहां हाथियों की आवाजाही सामान्य है। हालांकि, वाहनों पर इस तरह के हमले की घटनाएं दुर्लभ हैं अधिकारियों ने इस क्षेत्र से गुजरने वाले वाहन चालकों को विशेष रूप से सुबह और शाम के समय सतर्क रहने और गति धीमी रखने की सलाह दी है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें हाथी के हमले का खौफनाक मंजर कैद है।
