
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
रुद्रपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सांसद अजय भट्ट का सख्त तेवर देखने को मिला। केंद्र सरकार की योजनाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों की मॉनिटरिंग स्वयं प्रधानमंत्री करते हैं, इसलिए किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी। बैठक से नदारद रहने पर अधिशासी अधिकारी शक्तिगढ़ का वेतन रोकने और स्पष्टीकरण लेने के निर्देश मुख्य विकास अधिकारी को दिए गए।
बिजली-पानी को लेकर अलर्ट: ‘गर्मी आ गई है, तैयारी पूरी रखें’
सांसद ने पेयजल और विद्युत विभाग के अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि गर्मी के सीजन में जनता को पानी की किल्लत नहीं होनी चाहिए।
पेयजल: ओवरहेड टैंकों की मरम्मत और जरूरत पड़ने पर टैंकरों की व्यवस्था अभी से सुनिश्चित करें।
बिजली: नलकूपों के ट्रांसफार्मर और लाइनों को दुरुस्त करें ताकि सिंचाई और पेयजल आपूर्ति बाधित न हो।
जल जीवन मिशन: सड़कों की खुदाई और लीकेज को प्राथमिकता पर ठीक करें। लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों से वसूली और उन पर कार्रवाई के आदेश दिए गए।
रुद्रपुर बाईपास: 20 मार्च के बाद शुरू होगा ट्रायल
NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने बताया कि रुद्रपुर बाईपास का 95% कार्य पूर्ण हो चुका है। 20 मार्च के बाद इसे ट्रायल के लिए खोल दिया जाएगा। सांसद ने कहा कि वह अप्रैल के पहले सप्ताह में स्वयं इसका निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही रेलवे अधिकारियों को छत्तरपुर अंडरपास का काम जल्द पूरा करने को कहा गया।
ईएसआईसी अस्पताल में स्टाफ की कमी पर जताई चिंता
समीक्षा के दौरान सामने आया कि ईएसआईसी चिकित्सालय में 21 विशेषज्ञ डॉक्टरों के पदों के सापेक्ष केवल 3 डॉक्टर तैनात हैं, जबकि यहाँ 8 लाख लोग आश्रित हैं। सांसद ने तत्काल डॉक्टरों और उपकरणों की आवश्यकता का प्रस्ताव मांगा है ताकि केंद्र सरकार से इस पर वार्ता की जा सके।
जिले की अन्य बड़ी अपडेट्स:
फॉरेंसिक यूनिवर्सिटी: किच्छा में 38 एकड़ भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है।
गौशाला निर्माण: जनपद में 6 गौशालाएं स्वीकृत हैं, खटीमा और रुद्रपुर में निर्माण कार्य अंतिम चरण में है।
ड्रेनेज प्लान: रुद्रपुर, काशीपुर, खटीमा और सितारगंज के ड्रेनेज प्लान की DPR शासन को भेजी गई है।
अमृत योजना 2.0: 30 करोड़ की नानकमत्ता योजना (45% पूर्ण) और 10 करोड़ की शक्तिगढ़ योजना का कार्य पूर्ण हो चुका है।
“अधिकारी जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर काम करें और योजनाओं का लाभ धरातल तक पहुँचाएं। विकास कार्यों का लोकार्पण जनप्रतिनिधियों के माध्यम से ही सुनिश्चित हो।”
— अजय भट्ट, सांसद
उपस्थिति: बैठक में विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, सीडीओ दिवेश शाशनी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
