
हरिद्वार. उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सरकार के 4 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में हरिद्वार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य को 1100 करोड़ रुपए से अधिक की विकास योजनाओं की सौगात दी। इसमें से 427 करोड़ रुपए की योजनाएं अकेले हरिद्वार के लिए हैं।
इस दौरान गृह मंत्री ने राज्य में ‘ई-जीरो एफआईआर’ (e-Zero FIR) सेवा की शुरुआत की और नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत 5 शरणार्थियों को भारतीय नागरिकता का प्रमाण पत्र भी सौंपा।
कार्यक्रम की 5 बड़ी बातें:
1. घर बैठे दर्ज होगी ई-जीरो FIR:
गृह मंत्री अमित शाह ने डिजिटल बटन दबाकर ई-जीरो एफआईआर प्रणाली का शुभारंभ किया। अब उत्तराखंड के लोग 1930 टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके ई-जीरो एफआईआर दर्ज करा सकेंगे। अल्मोड़ा जिले में दर्ज राज्य की पहली ई-जीरो एफआईआर की कॉपी सीएम धामी ने गृह मंत्री को भेंट की।
2. CAA के तहत 5 शरणार्थियों को मिली भारत की नागरिकता:
अमित शाह ने CAA के तहत पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश से आए 5 हिंदू शरणार्थियों को नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे। इनमें बलूचिस्तान के शैलेश, पाकिस्तान के जसपाल कुमार और दुर्गा राजपूत, तथा अफगानिस्तान की हंसेरी बाई शामिल हैं।
3. युवाओं को रोजगार, 5 पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र:
उत्तराखंड पुलिस में हाल ही में करीब 2000 आरक्षियों (कांस्टेबल) की भर्ती हुई है। गृह मंत्री ने मंच से इनमें से 5 नव-चयनित आरक्षियों को प्रतीकात्मक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
4. 1100 करोड़ के विकास कार्यों का शिलान्यास-लोकार्पण:
डिजिटल माध्यम से गृह मंत्री ने राज्य के लिए 1100 करोड़ रुपए से अधिक की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इससे राज्य के इंफ्रास्ट्रक्चर और विकास को रफ्तार मिलेगी।
5. ‘विकल्प रहित संकल्प’ पुस्तक का विमोचन:
कार्यक्रम के दौरान अमित शाह ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल की उपलब्धियों और विकास योजनाओं पर आधारित पुस्तक ‘विकल्प रहित संकल्प’ का विमोचन किया। इस पुस्तक का संपादन गिरिजा शंकर जोशी ने किया है।
