
देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान जनसंख्या नियंत्रण कानून का मुद्दा गरमा गया है। भाजपा विधायक शिव अरोड़ा ने सदन में नियम 300 के तहत यह प्रस्ताव रखा। इस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार का रुख स्पष्ट करते हुए कहा कि भावनाओं और परिस्थितियों का अध्ययन कर भविष्य में इस पर विचार किया जा सकता है।
क्या बोले मुख्यमंत्री?
सदन में चर्चा के दौरान सीएम धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने के बाद सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा, “जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर विभिन्न वर्गों की अपनी भावनाएं हैं। सरकार समाज के सभी सुझावों का सम्मान करती है। संतुलित विकास के लिए सामाजिक और आर्थिक पहलुओं को देखते हुए निर्णय लिए जाएंगे। यदि भविष्य में आवश्यकता महसूस हुई, तो सरकार इस दिशा में आगे कदम उठा सकती है।”
गैस किल्लत पर कांग्रेस का प्रदर्शन, CM ने कहा- अफवाहों पर न दें ध्यान
बजट सत्र के पांचवें दिन विधानसभा की सीढ़ियों पर कांग्रेस विधायकों ने गैस सिलेंडर की किल्लत और कालाबाजारी को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि प्रदेश में आम जनता को गैस नहीं मिल रही है और सरकार इसे दबाने में लगी है।
विपक्ष के आरोपों पर CM का जवाब:
कांग्रेस के प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने स्थिति साफ करते हुए कहा:
- कोई कमी नहीं: प्रदेश में रसोई गैस की कोई कमी नहीं है, जनता को घबराने की जरूरत नहीं है।
- कालाबाजारी पर एक्शन: कालाबाजारी की शिकायतों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन को कड़ी निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
- अपील: सीएम ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। यदि कहीं कोई समस्या है, तो सीधे प्रशासन को सूचित करें, ताकि तुरंत कार्रवाई की जा सके।
