
देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) और राज्य मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने राज्य में अगले कुछ दिनों के लिए अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, आज 14 मार्च की दोपहर से लेकर 19 मार्च तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है।
अगले 24 घंटे के लिए ‘येलो अलर्ट’
IMD द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, आज 14 मार्च दोपहर 1:45 बजे से 15 मार्च दोपहर 1:45 बजे तक राज्य के कई जिलों में ‘येलो अलर्ट’ रहेगा। इस दौरान उत्तरकाशी (बड़कोट, पुरोला), चमोली (जोशीमठ, बदरीनाथ, उर्गम घाटी, थराली), रुद्रप्रयाग, बागेश्वर (कपकोट) और पिथौरागढ़ (मुनस्यारी, बेरीनाग) में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज तूफान आने और बिजली गिरने की आशंका है।
15 और 16 मार्च को रहेगा ‘ऑरेंज अलर्ट’
राज्य मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 और 16 मार्च के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी करते हुए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है:
- 15 मार्च (रविवार): हरिद्वार, उधम सिंह नगर, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, पौड़ी गढ़वाल, नैनीताल और चंपावत में भारी गर्जना के साथ बिजली गिरने और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है। पहाड़ी जिलों में बारिश के तेज दौर देखने को मिल सकते हैं।
- 16 मार्च (सोमवार): उपरोक्त जिलों में फिर से ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इस दिन तूफान की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। ओलावृष्टि और बिजली गिरने के साथ-साथ पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान है।
19 मार्च तक बना रहेगा खराब मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, आज से शुरू हुआ खराब मौसम का दौर 19 मार्च तक जारी रहने की संभावना है। 17 मार्च को मौसम के कुछ शांत रहने का अनुमान है, लेकिन 18 मार्च को एक बार फिर उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में बिजली गिरने और तेज तूफान की आशंका जताई गई है। मैदानी जिलों में भी तीन दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान है।
