
मसूरी: पहाड़ों की रानी मसूरी आज भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर कुलदीप यादव की शाही शादी की साक्षी बन रही है। ‘वेलकम होटल द सेवॉये’ में आज होने जा रहे इस भव्य समारोह को लेकर न केवल क्रिकेट प्रेमियों बल्कि पूरे उत्तराखंड में उत्साह है। शादी के लिए होटल को एक भव्य महल का रूप दिया गया है।
बारात में दिखेगा विंटेज स्वैग
कुलदीप की शादी को यादगार बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी गई है। बारात की एंट्री सबसे बड़ा आकर्षण रहने वाली है। दूल्हे राजा कुलदीप यादव की बारात में एक तरफ पारंपरिक सजी-धजी घोड़ी होगी, तो दूसरी ओर देहरादून से खास तौर पर मंगवाई गई ‘रोल्स-रॉयस’ विंटेज कार में वे एंट्री करेंगे।
दिग्गजों का जमावड़ा, बाबा बागेश्वर देंगे आशीर्वाद
शादी में क्रिकेट और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। भारतीय क्रिकेटर तिलक वर्मा और पूर्व खिलाड़ी मोहम्मद कैफ अपने परिवार के साथ मसूरी पहुंच चुके हैं। वहीं, आध्यात्मिक गुरु पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शाम 6 बजे तक देहरादून से सड़क मार्ग द्वारा मसूरी पहुंचेंगे और नवदंपति को आशीर्वाद देंगे।
मेनू में उत्तराखंड का स्वाद, मेहमानों के लिए खास इंतजाम:
शादी के खाने को लेकर भी विशेष तैयारी है। मेहमानों को ‘अफगानी क्यूज़ीन’ के साथ-साथ उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाने को मिलेगा। राज्य की समृद्ध संस्कृति को प्रदर्शित करने के लिए विशेष सांस्कृतिक नृत्य का आयोजन किया जाएगा।
भव्य आतिशबाजी से जगमगाएंगे पहाड़:
इवेंट मैनेजमेंट टीम ने समारोह को काफी गोपनीय रखा है, लेकिन सूत्रों के अनुसार देर रात मेहमानों के मनोरंजन के लिए एक शानदार आतिशबाजी का आयोजन किया गया है। यह आतिशबाजी मसूरी की वादियों को रोशनी से नहला देगी। सुरक्षा और प्राइवेसी के चलते होटल के आसपास चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
