
देहरादून: उत्तराखंड की धामी सरकार ने मंगलवार देर शाम ऊर्जा विभाग में एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है। सरकार ने जिन अधिकारियों को कार्यमुक्त किया है, वे सभी अपनी सेवानिवृत्ति के बाद सेवा विस्तार (Extension) पर तैनात थे।
प्रमुख सचिव (ऊर्जा) आर. मीनाक्षी सुंदरम की ओर से जारी आदेश के अनुसार, सरकार ने इन प्रमुख नियुक्तियों में बदलाव किया है:
- UPCL में बदलाव: यूपीसीएल (UPCL) के एमडी अनिल कुमार, जिन्हें सेवानिवृत्ति के बाद 30 जून 2024 से दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया गया था, को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उनकी जगह अब गजेंद्र सिंह बुदियाल (महाप्रबंधक, यमुना वैली प्रथम डाकपत्थर एवं प्रभारी निदेशक परिचालन, पिटकुल) को यूपीसीएल के एमडी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- UJVNL में बदलाव: यूजेवीएनएल (UJVNL) के एमडी संदीप सिंघल को भी सरकार ने सेवानिवृत्ति के उपरांत दो वर्ष का सेवा विस्तार दिया था, उन्हें भी पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह अजय कुमार सिंह (महाप्रबंधक, भागीरथी वैली एवं प्रभारी निदेशक परिचालन, यूजेवीएनएल) को नया एमडी नियुक्त किया गया है।
- अन्य निर्देश: इसके अतिरिक्त, यूपीसीएल के निदेशक (परियोजना) अजय कुमार अग्रवाल को भी सरकार ने कार्यमुक्त कर दिया है। फिलहाल उनके स्थान पर किसी नए अधिकारी को जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है।
सरकार के इस फैसले को ऊर्जा विभाग में बड़े सुधारों और प्रशासनिक कसावट के तौर पर देखा जा रहा है।
