
देहरादून: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा को लेकर तीर्थयात्रियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। चारधाम के साथ-साथ अब विश्व प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब की यात्रा के लिए भी पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पर्यटन विभाग के अनुसार, अब तक कुल 6.87 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा के लिए अपना पंजीकरण करा चुके हैं।
पंजीकरण अनिवार्य, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
पर्यटन विभाग ने 19 अप्रैल से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा के लिए 6 मार्च से ही ऑनलाइन पंजीकरण शुरू कर दिए थे। वहीं, 23 मई को हेमकुंड साहिब के कपाट खुलने की घोषणा के बाद 17 मार्च से इसके लिए भी पंजीकरण शुरू कर दिए गए। शुरुआती दो दिनों में ही 750 से अधिक श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करा लिया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारधाम और हेमकुंड साहिब की यात्रा करने वाले प्रत्येक श्रद्धालु के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य है।
धाम-वार पंजीकरण के आंकड़े:
पर्यटन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक तीर्थयात्रियों का पंजीकरण इस प्रकार रहा है:
- केदारनाथ धाम: 2,29,295
- बदरीनाथ धाम: 2,02,622
- गंगोत्री धाम: 1,28,253
- यमुनोत्री धाम: 1,25,366
- हेमकुंड साहिब: 750 से अधिक
तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए ऑफलाइन पंजीकरण की व्यवस्था
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल ने बताया कि इस वर्ष यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए, ऑनलाइन के साथ-साथ 17 अप्रैल से ऑफलाइन पंजीकरण की सुविधा भी शुरू कर दी जाएगी, ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो।
