
मेधावी छात्र और समर्पित अभिभावक सम्मानित, स्कॉलर्स वैली में गूँजी उपलब्धियों की गूँज
टीवी 10 इंडिया मीडिया नेटवर्क
सितारगंज। स्कॉलर्स वैली इंटरनेशनल स्कूल में सत्र 2025-26 का वार्षिक परिणाम वितरण समारोह रविवार को हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर मेधावी विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों और शिक्षकों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख सितारगंज, उपकार सिंह बल ने मां सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया। विद्यालय के प्रबंधक श्री पलविंदर सिंह औलख ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान विद्यालय परिवार, बड़ी संख्या में अभिभावक और छात्र मौजूद रहे।
सम्मान पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
समारोह में शैक्षणिक सत्र के दौरान विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को ट्रॉफियां और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि श्री बल ने टॉपर्स को पुरस्कृत करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन और समर्पण ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जीवनजोत और अंशिका बनीं ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’
समारोह का मुख्य आकर्षण ‘स्कॉलर ऑफ द ईयर’ की घोषणा रही। जूनियर वर्ग में कक्षा दूसरी की जीवनजोत कौर और सीनियर वर्ग में कक्षा 11वीं (विज्ञान) की अंशिका गिरी को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और अनुशासन के लिए इस प्रतिष्ठित उपाधि से नवाजा गया।
अभिभावकों और शिक्षकों का भी बढ़ा मान
विद्यालय ने एक अनूठी पहल करते हुए पीटीएम (PTM) में सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले जागरूक अभिभावकों को भी सम्मानित किया। इसके साथ ही, शिक्षकों को उनकी समर्पित सेवाओं और बच्चों के भविष्य निर्माण में दिए गए उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
”इस तरह के आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना जागृत होती है। अभिभावकों और शिक्षकों का आपसी समन्वय ही बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है।”
— श्रीमती कमलजीत कौर, प्रधानाचार्या
